कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 9 साल बाद इंटरव्यू दिया। उन्‍होंने इंडिया टुडे के पत्रकार राजदीप सरदेसाई को यह इंटरव्यू दिया। सोनिया ने इंटरव्यू में इंदिरा गांधी, उनकी हत्‍या, राजीव गांधी, कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को लेकर बातें की। सोनिया से जब पूछा कि क्‍या नरेंद्र मोदी की स्‍टाइल इंदिरा गांधी की तरह नहीं है, तो उन्होंने जवाब दिया, ”बिलकुल नहीं।” इंदिरा गांधी की आम आदमी से सहानुभूति थी। आज के नेताओं में ऐसा नहीं है। सोनिया ने साथ ही बताया कि वह राजनीति में कभी नहीं आना चाहती थी। राजनीति में परिवारवाद के सवाल पर कहा कि यदि डॉक्‍टर का बेटा डॉक्‍टर हो सकता है तो राजनेता का बेटा राजनेता क्‍यों नहीं। जनता इनका चुनाव करती हैं। उन्‍होंने कहा कि वह इंदिरा गांधी के चलते राजनीति में हैं। वह राजीव गांधी के राजनीति में आने के खिलाफ थी। राजीव पायलेट बनकर खुश थे।

कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर पूछे गए सवालों पर उन्‍होंने कहा कि वह इस बात से सहमत नहीं हैं कि कांग्रेस में नरेंद्र मोदी के मुकाबले का नेता नहीं है। पार्टी 44 सीटों से ऊपर आएगी। राजनीति में उतार चढ़ाव चलता रहता है। कभी आप हारते हैं तो कभी जीत जाते हैं। वर्तमान स्थितियों में कांग्रेस सही तरह से आगे बढ़ रही है। प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की झलक दिखने के सवाल पर सोनिया ने बताया कि उनके परिवार में सभी लोगों पर इंदिरा गांधी का असर है। फिर चाहे वह प्रियंका हो या राहुल हो। सब पर अलग-अलग तरह से उनका असर है।

राजनीति में आने के बारे में उन्‍होंने कहा कि राजनीति में जाना है या नहीं जाना, यह मेरा पहला सबसे मुश्किल निर्णय था। अगर वह इंदिरा गांधी की बहू नहीं होती तो कभी राजनीति में नहीं आती। राहुल गांधी के कांग्रेस प्रमुख बनने के सवाल पर उन्‍होंने कहा कि इसका फैसला वह नहीं कर सकतीं। उन्‍होंने इंटरव्‍यू ऐसे समय में दिया है जब केंद्र सरकार 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बंद करने के चलते विपक्ष के हमले झेल रही हैं। साथ ही कांग्रेस ने इंदिरा गांधी जन्‍मशती वर्ष मनाना शुरू किया है और अगले साल यूपी में चुनाव होने हैं। यूपी में कांग्रेस 27 साल से सत्‍ता से बाहर है। सोनिया और राहुल गांधी काफी कम इंटरव्यू देते हैं। राहुल ने 2014 में लोकसभा चुनावों से पहले टाइम्‍स नाऊ को इंटरव्यू दिया था। इसके अलावा एक अखबार को भी इंटरव्यू दिया था।

Live Updates
21:29 (IST) 21 Nov 2016
राहुल गांधी के कांग्रेस अध्‍यक्ष बनने के सवाल सोनिया का जवाब- इसका फैसला मैं नहीं कर सकती
21:20 (IST) 21 Nov 2016
कांग्रेस की स्थिति को लेकर सोनिया गांधी ने कहा- मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि कांग्रेस में नरेंद्र मोदी के मुकाबले का नेता नहीं है।
21:19 (IST) 21 Nov 2016
कांग्रेस की स्थिति को लेकर सोनिया गांधी ने कहा- पार्टी 44 सीटों से ऊपर आएगी।
21:19 (IST) 21 Nov 2016
प्रियंका गांधी को लेकर सोनिया गांधी ने कहा- मेरे परिवार के सभी लोग इंदिरा गांधी से प्रेरित हैं। सभी लोग अलग-अलग तरह से उनसे प्रेरित हैं।
21:18 (IST) 21 Nov 2016
सोनिया गांधी ने कहा- मैं सभी बातों का खुलासा अपनी किताब में करूंगी
21:17 (IST) 21 Nov 2016
सोनिया गांधी ने कहा- वर्तमान स्थितियों में कांग्रेस सही तरह से आगे बढ़ रही है। वह इंदिरा गांधी से अब भी प्रेरणा लेती हैं।
21:10 (IST) 21 Nov 2016
सोनिया गांधी ने कहा- राजनीति में जाना है या नहीं जाना, यह मेरा पहला सबसे मुश्किल निर्णय था
21:09 (IST) 21 Nov 2016
सोनिया गांधी ने कहा- अगर वह इंदिरा गांधी की बहू नहीं होती तो कभी राजनीति में नहीं आती
21:08 (IST) 21 Nov 2016
मैं नहीं चाहती थी राजीव राजनीति में आए। वह पायलेट के रूप में खुश थे।
21:06 (IST) 21 Nov 2016
सोनिया गांधी ने कहा-इंदिरा गांधी को जैसे दुनिया ने देखा वह उससे अलग थीं