देश गुरुवार को 68वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। दिल्ली में राजपथ पर सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक कौशल का प्रदर्शन किया जा रहा है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सैन्य बलों की सलामी ले रहे हैं। अबुधाबी के राजकुमार मोहम्मद बिन जायेद को गुरुवार को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य अतिथि बनाया गया है। इसके अलावा पहली बार परेड में संयुक्त अरब अमीरात के जवानों का दस्ता भी सेना के जवानों के साथ परेड में नजर आया। यूएई के दस्ते में 149 जवान शामिल थे जिसमें 35 संगीतकार थे।

इस तरह शुरू हुआ कार्यक्रम

झंडोत्तोलन के बाद राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान 21 तोपों की सलामी दी गई। राष्ट्रपति मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने भी तिरंगे को सलामी दी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया गेट स्थित अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सेना प्रमुख बिपिन सिंह रावत, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी.एस धनोआ और नौसेना प्रमुख सुनील लांबा मौजूद थे। मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद दो मिनट का मौन भी रखा।

परेड में जहां सारी दुनिया में सबसे अधिक विभिन्नता वाले देश भारत को एक सिरे में पिरोने वाली उसकी हर कोने की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाया, वहीं अत्याधुनिक हथियारों, मिसाइलों, विमानों और भारतीय सैनिकों के दस्तों ने देश के किसी भी चुनौती से निपट सकने की ताकत का अहसास कराया। सबसे अंत में रोमांच से भर देने वाले वायु सेना के अत्याधुनिक विमानों को राजपथ के उच्च्पर से हैरतअंगेज कारनामों के साथ उड़ान भरते देख कर उन विमानों की ताकत के साथ ही वायुसेना के पायलटों का हुनर और जांबाजी का अहसास हुआ।

प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं:

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट के जरिए देशवासियों को गणतंत्र दिवस शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने भी जनता को संबोधित किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देशभर में गुरुवार को गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों सहित चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। जगह जगह बैरिकेट लगाकर आने जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।

तिरंगे के रंग में रंगा बुर्ज खलीफा

दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा भारत के गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर बुधवार को तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। बुर्ज खलीफा दो दिनों तक तिरंगे के रंग में रंगा दिखाई देगा। अबुधाबी के राजकुमार मोहम्मद बिन जायेद को मुख्य अतिथि बनाए जाने के बाद बुर्ज खलीफा का यह नया रूप सामने आया है।

यहां देखें लाइव परेड: (सौजन्य : डीडी न्यूज)

https://www.youtube.com/watch?v=CMyjXO3amu4&feature=youtu.be

Live Updates
11:12 (IST) 26 Jan 2017
राजपथ पर सेना का टैंक ( Photo Source: PTI)
10:14 (IST) 26 Jan 2017
पहली बार परेड में संयुक्त अरब अमीरात के 144 जवानों का दस्ता भी शामिल हुआ
09:51 (IST) 26 Jan 2017
अबु धाबी के राजकुमार मोहम्मद बिन जायेद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हैं
09:43 (IST) 26 Jan 2017
रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर समेत तीनों सेनाओं के प्रमुख भी इंडिया गेट पर मौजूद हैं
09:43 (IST) 26 Jan 2017
करीब 10 बजे गणतंत्र दिवस की परेड शुरू होगी, अलग-अलग राज्यों की झांकियां निकलेंगी