Vaishno Devi News: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वतों पर स्थित हिंदुओं के पवित्र धर्मिक स्थल वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हुआ है। न्यूज एजेंसी पीटीआई द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले नए ट्रैक पर सोमवार को भारी भूस्खलन हुआ। इस वजह से प्रशासन ने बैटरी कार सेवा को रोक दिया।
अधिकारियों ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि गनीमत की बात यह रही कि भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन में कोई भी श्रद्धालु या अन्य कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि भूस्खलन के बाद श्रद्धालुओं को पुराने रूट की तरफ डायवर्ट कर दिया गया और अब यात्रा बिना किसी व्यवधान के जारी है।
वैष्णो देवी में कहांं हुआ भूस्खलन?
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन हिमकोटी रूट के साथ मौजूद सत्या व्यू पॉइंट के पास उस समय हुआ, जब वहां कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था। भूस्खलन के तुरंत बाद वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तुरंत अपने कर्मचारियों और मशीन को मलबा हटाने के लिए लगा दिया है। बताया जा रहा है कि मलबा तीस फीट से ज्यादा एरिया में फैला हुआ है।
उत्तराखंड में यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर भी भूस्खलन
देवभूमि उत्तराखंड में यमुनोत्री यात्रा पर भी भूस्खलन हुआ है। उत्तराखंड के डीएम प्रशांत आर्या ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर नौ कैंची में हुए भूस्खलन की घटना में घायल हुआ व्यक्ति मुम्बई का रहने वाला है। उसे उपचार के लिए जानकीचट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मौके पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन के लोग राहत कार्य में जुटे हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह रावत ने X पर पोस्ट कर कहा, “यमुनोत्री पैदल मार्ग पर 9 कैची (भैरव मंदिर के पास) भूस्खलन की दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। राहत-बचाव कार्य हेतु SDRF, पुलिस, वन विभाग, मेडिकल व अन्य टीमें मौके पर मौजूद हैं। एक घायल को रेस्क्यू कर उपचार हेतु PHC जानकीचट्टी भेजा गया है। ईश्वर से सभी प्रभावितों की कुशलता की प्रार्थना करता हूं।”