दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीता अंबानी जैसे अपने ‘मित्रों’ को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं जबकि दिल्ली में महिलाओं को मुश्किल में छोड़ दे रहे हैं। ट्विटर के माध्यम से मोदी पर केजरीवाल ने गृह मंत्रालय द्वारा रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अंबानी की पत्नी नीता को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने का फैसला किये जाने के बाद हमला किया है। केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘दिल्ली में रोजाना महिलाओं से बलात्कार होता है। बार बार अनुरोध करने के बाद भी उनके लिए कोई सुरक्षा नहीं है। लेकिन प्रधानमंत्री अपने दोस्तों को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने अपने इस ट्वीट के साथ नीता को वीवीआईपी सुरक्षा देने संबंधी अखबार की खबर का क्लिप लगाया है। दरअसल मंगलवार को ही खबर आई थी कि मोदी सरकार ने देश के नामी उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी को वाई कैटेगरी की सिक्योरिटी दिए जाने का फैसला किया है।
अधिकारियों ने बताया कि नीता को हाल ही में वाई श्रेणी का सुरक्षा कवर प्रदान किया गया है। करीब दस सशस्त्र लोेग उनके साथ चलेंगे। चौदह साल की एक लड़की पर बार बार यौन हमले के बाद हाल ही में उसकी मौत के आलोक में राष्ट्रीय राजधानी में महिला की सुरक्षा को लेकर राजनीति गरमा गयी है। एक अन्य मामला चार साल की एक लड़की से कथित बलात्कार है जो सोमवार का मामला है। मंगलवार को दिल्ली में एक रेप पीड़िता की इलाज के दौरान मौत हो गई। उस लड़की को उसके मामा-मामी ने जहरीला पदार्थ खिला दिया था। आरोपी ने लड़की को अपने साथ हुए बलात्कार के खिलाफ अदालत जाते हुए अगवा कर लिया था।
Women raped daily in Delhi. No security for them despite repeated requests. But PM providing security to his friends pic.twitter.com/g08fWg0lRd
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 26, 2016