Jharkhand Assembly Election 2019: झारखंड में कांग्रेस ने दो और प्रत्याशियों की सूची (Candidate List) जारी की है। इस सूची में बीजेपी के फायरब्रांड प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) से डिबेट में सवाल पूछने पर चर्चा में रहे गौरव वल्लभ को भी टिकट दिया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ को राज्य के मुख्यमंत्री और बीजेपी प्रत्याशी रघुबर दास के खिलाफ जमशेदपुर ईस्ट (Jamshedpur East) सीट से मैदान में उतारा गया है। झारखंड में कांग्रेस (Congress) इस बार झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के राष्ट्रीय जनता दल (RJD) संग गठबंधन किया है।
इस सवाल से आए थे चर्चा मेंः वल्लभ ने एक टीवी डिबेट के दौरान अर्थव्यवस्था पर बातचीत में संबित पात्रा से पूछा था कि ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं? यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। वल्लभ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि झारखंड के लोगों के साथ पांच सालों में सिर्फ धोखा हुआ है और जनता इस चुनाव में बीजेपी को सबक सिखाएगी। उनके अलावा इस सूची में रामगढ़ सीट से ममता देवी का नाम घोषित किया है।
Hindi News Today, 17 November 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
यह है झारखंड का चुनाव कार्यक्रमः गौरतलब है कि 81 विधानसभा सीटों वाले झारखंड में 30 नवंबर से मतदान की शुरुआत होगी। यहां पांच चरणों में मतदान होगा जो 20 दिसंबर तक चलेगा। चुनाव आयोग के मुताबिक यहां 23 दिसंबर को नतीजों का ऐलान किया जाएगा।
ऐसा था पिछला चुनाव परिणामः बता दें कि रघुबर दास झारखंड में बतौर मुख्यमंत्री पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले पहले शख्स हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाया था। तब सबसे बड़ी पार्टी बनी बीजेपी ने ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (AJSU) के साथ गठबंधन किया था। इसके अलावा झारखंड विकास मोर्चा के कई विधायकों ने भी बाद में बीजेपी जॉइन कर ली थी। सीटों के लिहाज से राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा दूसरे नंबर पर रही थी।