जम्मू एवं कश्मीर के जम्मू क्षेत्र में सोमवार को एक बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इसमें उस पर सवार 20 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना उधमपुर जिले के मरोठी में हुई। यह जगह जम्मू से 100 किलोमीटर दूर है।
जम्मू के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया,’हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना स्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है। बस बादरस जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हुई।’
अधिकारियों ने बताया कि लटटी इलाके से उधमपुर की ओर जा रही यात्री बस सड़क से फिसल गयी और एक खाई में गिर गयी।
उधमपुर के उपायुक्त यश मुदगल ने बताया कि घायलों में छह की हालत गंभीर है। हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि अभी तक 15 शवों को बरामद कर लिया गया है।
मुदगल ने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है और गंभीर रूप से घायल लोगों को उधमपुर के मंटलेईग इलाके से जम्मू के गर्वमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने के लिए हेलीकॉप्टरों की मांग की गयी है।
उधमपुर-डोडा रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सुरिंदर गुप्ता ने बताया कि वह राहत एवं बचाव कार्य देखने स्वयं दुर्घटनास्थल पर गए।

