देश के सबसे अमीर अम्बानी परिवार में जल्द ही खुशियों की शहनाई सुनने को मिलेगी। कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुकेश अम्बानी और नीता अम्बानी की 24 साल की बेटी ईशा अगले महीने शादी करने जा रही हैं। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी बताया जा रहा है कि शादी अंबानी के परिवार में तो है, लेकिन ईशा की नहीं। अंबानी की भांजी शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। बहरहाल शादी के लिए सारी तैयारियां की जा रही हैं। यह जानकारी किसी अधिकारी के हवाले से चलाई जा रही है। हालांकि इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं है। जिन रिपोर्ट्स में ईशा की शादी होने की बात कही जा रही है, उनके मुताबिक ईशा के होने वाले पति के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। मगर रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दोनों एक-दूसरे को ‘लंबे वक्त से’ डेट कर रहे हैं। अम्बानी परिवार के बॉलीवुड और राजनेताओं से अच्छे रिश्ते हैं, ऐसे में अंबानी परिवार की यह शादी साल का सबसे हाई-प्रोफाइल इवेंट हो सकती है। चर्चा तो यह भी है कि शादी में खुद किंग खान (शाहरुख खान) परफॉर्म करेंगे। द ट्रिब्यून की खबर के अनुसार, शादी में शाहरुख खान और कई सेलिब्रिटीज मेहमानों के मनोरंजन के लिए मौजूद रहेंगे। हालांकि तैयारियों की भनक अभी तक मीडिया को नहीं लगी है।
टाटा समूह में हुआ बड़ा बदलाव, देखें वीडियो:
ईशा रिलायंस जियो इंफोकॉम और रिलायंस रिटेल वेंचर्स की डायरेक्टर हैं। उन्हें पिछले साल एशिया के 12 ताकतवर होने वाले कारोबारियों की सूची में शामिल किया गया था। इसके अलावा 2008 में ईशा फोर्ब्स की ‘सबसे नौजवान अरबपति महिला उत्तराधिकारियों’ की लिस्ट में दूसरे नंबर पर थीं। येल यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी और साउथ एशियन स्टडीज में ग्रेजुएशन के बाद ईशा ने थोड़े वक्त के लिए न्यूयॉर्क में मैककिंसे के साथ बिजनेस एनालिस्ट के तौर पर काम किया था। ईशा को पियानो बजाना पसंद है। उन्होंने बाकायदा पियानो बजाने की ट्रेनिंग ली है। ईशा खेलों की शौकीन रही हैं और यूनिवर्सिटी की सॉकर टीम का हिस्सा थीं।
दिसंबर 2015 में रिलायंस जियो की 4जी सेवाओं के कर्मचारी लॉन्च में वह अपने जुड़वा भाई आकाश अम्बानी के साथ नजर आई थीं। आकाश अम्बानी जियो और रिलायंस रिटेल में को-डायरेक्टर हैं। ईशा का सबसे छोटा भाई अनंत अम्बानी ब्राउन यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर रहा है।

