इरोम शर्मिला जो कि साल 2000 से भूख हड़ताल पर हैं उन्होंने अपना अनशन तोड़ने का फैसला कर लिया है। खबरों के मुताबिक, शर्मिला 9 अगस्त को भूख हड़ताल खत्म करेंगी। इसके साथ ही दूसरी बड़ी खबर यह है कि वह मणिपुर में विधानसभा चुनाव भी लड़ेंगी। मणिपुर में 2017 में विधानसभा चुनाव होने हैं। 42 साल की शर्मीला को ‘आयरन लेडी’ भी कहा जाता है। वह पिछले 16 साल से भूख हड़ताल पर हैं। उनकी यह हड़ताल मणिपुर से आर्मड फोर्स स्पेशल पॉवर एक्ट (AFSPA) हटवाने के लिए है। कई बार उन्हें नाक में ट्यूब डालकर खाना खिलाने की कोशिश भी की गई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

चला है केस: शर्मिला पर मार्च 2013 में एक ट्रायल भी चलाया गया था। यह ट्रायल उस शिकायत के लिए था जिसमें कहा गया था कि वह खुदकुशी करने की कोशिश कर रही हैं। यह ट्रायल अक्टूबर 2006 में किए गए आमरण अनशन के लिए था। इसमें शर्मिला अपनी आवाज को और बुलंद करने के लिए जंतर मंतर पर आकर बैठ गई थीं। मणिपुर में फिलहाल इंडियन नेशनल कांग्रेस की सरकार है। ओकराम इबोबी सिंह 2012 में अबतक वहां के मुख्यमंत्री बने हुए हैं। इरोम किसी पार्टी से चुनाव लड़ेगी या फिर निर्दलीय खड़ीं होगीं यह फिलहाल साफ नहीं है।

Read Also: इरोम शर्मिला ने अदालत से कहा, अगर आफस्पा निरस्त किया जाए तो अनशन खत्म करने को तैयार