Helicopter Crash : भारतीय सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश में मंडला पहाड़ियों के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने बताया कि बोमडिला के पास उड़ रहे हेलिकॉप्टर का सुबह करीब सवा नौ बजे हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से संपर्क टूट गया था। इस हादसे में दो पायलट शहीद हो गए हैं। जिनकी पहचान लेफ्टिनेंट कर्नल वीवीबी रेड्डी और मेजर जयंत ए के रूप में हुई है। दुर्घटनास्थल से दोनों का शव बरामद कर लिया गया है। रक्षा प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक हेलिकॉप्टर सेंगे गांव से मिसामारी के रास्ते में गायब हुआ था। जिसके बाद दोपहर करीब 12.30 बजे बंगजालेप, दिरांग थाने के ग्रामीणों ने बताया कि एक दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर मिला है।
दो पायलट शहीद
सेना ने जानकारी साझा की है कि चीता हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट शहीद हो गए हैं। शहीद पायलट लेफ्टिनेंट कर्नल वीवीबी रेड्डी और मेजर जयंत ए हैं। सेना, एसएसबी और पुलिस के खोज एवं बचाव दल पहले लगातार जांच में जुटे थे। मौसम बेहद खराब होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर को खोजने में काफी दिक्कतों का सामना किया गया था।
सेना ने जानकारी दी कि भारतीय सेना, सशस्त्र सीमा बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पांच खोज दलों को तुरंत लॉन्च किया गया था, और विमान का मलबा मंडला के ग्राम बांगलाजाप के पास पाया गया।
सेना ने कहा कि एक कोर्ट ऑफ इंक्वायरी की जा रही है हादसे के कारणों का पता लगाने का आदेश दिया गया है। हेलीकॉप्टर ने सुबह नौ बजे जिले के सांगे गांव से उड़ान भरी थी और असम के सोनितपुर जिले के मिसामारी की ओर जा रहा था। विशेष जांच प्रकोष्ठ (एसआईसी) के पुलिस अधीक्षक रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने दिरांग में दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर को देखा और जिला अधिकारियों को सूचित किया था।