भारत 2030 के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। एक नए अध्ययन के अनुसार भारत के आगे बढ़ने से फ्रांस और इटली को विशिष्ट जी-8 समूह से बाहर किया जा सकता है, या फिर इसके सदस्यों की संख्या बढ़ाकर 10 की जा सकती है। इसमें भारत व ब्राजील को शामिल किया जा सकता है। ब्रिटेन के आर्थिक शोध संस्थान सेंटर फॉर इकनॉमिक्स बिजनेस एंड रिसर्च (सीईबीआर) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2029 में अमेरिका को पछाड़कर चीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। अमेरिका दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा, जबकि भारत तीसरे स्थान पर होगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2030 में भारत का अनुमानित जीडीपी 10,133 अरब डॉलर होगा। अमेरिका का जीडीपी 32,996 अरब डॉलर और चीन का 34,338 अरब डॉलर होगा। हालांकि, 2019 में भारत राष्ट्रमंडल में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। यह उस समय ब्रिटेन को पीछे छोड़ेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत अंतत: चीन का पीछा करेगा और 2050 के बाद यह चीन को भी पीछे छोड़ देगा। शीर्ष पांच देशों की सूची में ब्रिटेन चौथे तथा ब्राजील पांचवें स्थान पर होगा। रिपोर्ट कहती है कि यूरोप की तीसरी और चौथी अर्थव्यवस्थाओं को अगले 15 साल में भारत व ब्राजील पीछे छोड़ेंगे और जी-8 में उनका स्थान लेंगे।