लोकसभा से मंगलवार को विपक्ष के 49 सदस्यों को निलंबित कर दिया गया। इससे पहले सोमवार तक लोकसभा से विपक्ष के 46 सदस्यों को निलंबित किया जा चुका है। इस तरह से अब तक लोकसभा से विपक्ष के 95 सदस्य निलंबित हो चुके हैं। इसके बाद अब लोकसभा में ‘इंडिया’ गठबंधन के केवल 43 सदस्य बाकी रह गए हैं जबकि उच्च सदन राज्यसभा में गठबंधन के 49 सदस्य हैं।
लोकसभा में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के 138 सासंद थे जिनमें से अब तक 95 को निलंबित किया जा चुका है। अब निचले सदन में ‘इंडिया’ गठबंधन के 43 सदस्य बचे हैं जिनमें 11 सदस्य कांग्रेस के हैं। कांग्रेस के जो सदस्य लोकसभा में निलंबन से बचे हुए हैं, उनमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, डीके सुरेश और विंसेट एस पाला शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस से निलंबित परनीत कौर का भी निलंबन नहीं हुआ है।
लोकसभा के कुल सदस्यों 543 में से 21 सीटें खाली हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में जीते सांसदों ने हाल ही में इस्तीफा दे दिया था जिसके कारण वर्तमान में लोकसभा में कुल सदस्यों की संख्या 522 हो गई है। इनमें से करीब 319 सांसद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) गठबंधन के हैं। इनमें से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 290 सांसद हैं।
विपक्षी दलों के सदस्यों की संख्या 203 है। इनमें कांग्रेस के 49 सदस्य, द्रविड़ मुनेत्र कषमग के 24, तृणमूल कांग्रेस के 22 और जनता दल (एकी) के 16 सदस्य हैं। वर्तमान लोकसभा में विपक्ष के 108 सदस्य हैं जिनमें ‘इंडिया’ गठबंधन के 43 सदस्य हैं।
इस सत्र में अब तक विपक्ष के 95 सदस्यों को निलंबित किया गया। लोकसभा से अब तक कांग्रेस के 38 सदस्य, डीएमके के 16, जद (एकी) के 11, एनसीपी के तीन, आइयूएमएल के तीन, समाजवादी पार्टी के दो, जेकेएनसी के दो, राष्ट्रीय जनता दल के दो, सीपीआइ के दो और सीपीएम, जेएमएम, वीसीके, आप, केसीएम, आरएसपी, एजीएम व बीएसपी के एक-एक सदस्य निलंबित हुए हैं।
राज्यसभा में क्या है स्थिति?
वहीं, संसद के उच्च सदन की बात करें तो वर्तमान में यहां कुल 239 सदस्य हैं। इनमें से NDA के सदस्यों की संख्या 108 है। इसके बाद राज्यसभा में विपक्ष के सांसदों की कुल संख्या 131 होती है। लेकिन इस सत्र में अब तक राज्यसभा से 46 सदस्यों को निलंबित किया जा चुका है। इसके बाद विपक्ष के सदस्यों की संख्या 85 शेष रह गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह पहले से ही निलंबित चल रहे हैं। इस तरह से वर्तमान में राज्यसभा में विपक्ष के सांसदों की संख्या 84 है। ‘इंडिया’ गठबंधन के पास उच्च सदन में 95 सदस्य थे जिनमें से 46 को निलंबित कर दिया गया जिसके बाद राज्यसभा में गठबंधन के पास अब 49 सदस्य बचे हैं।