हैदराबाद में 27 वर्षीय लेडी डॉक्टर से गैंगरेप और मर्डर के बाद लोगों का गुस्सा चरम पर है। शनिवार को गुस्साए लोग इस घिनौने कृत्य के खिलाफ सड़क पर उतरे। लोगों ने उस थाने का घेराव किया जहां पर मामले से जुड़े आरोपियों को लाया गया था। पुलिस स्टेशन पर भीड़ उग्र हो गई और इस दौरान पुलिस के जवानों पर पर चप्पलें फेंकी गई।

इसके बाद पुलिस को लाठी चार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने इस दौरान आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। लोग ‘हमें न्याय चाहिए’ का नारा लगाते रहे। भीड़ में महिलाएं और पुरुष दोनों ही शामिल थे।

लोगों में बढ़ते गुस्से और बढ़ते प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने भी थाने के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी। बता दें कि महिला से गैंगरेप और फिर बेरहमी से हत्‍या के बाद उसका शव जलाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने पुष्टि की है कि महिला डॉक्टर की हत्या से पहले उसके साथ गैंगरेप किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले महिला डॉक्टर को किडनैप किया था। इसके बाद चार लोगों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया। फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस द्वारा बताया गया कि डॉक्टर के साथ हैदराबाद के बाहरी इलाके में गैंगरेप किया गया और फिर उसके शव को कई किलोमीटर दूर ले जाकर रंगा एक पुल पर पेट्रोल छिड़ककर जला दिया गया।