उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सिवाया गांव में दो भाइयों ने दूसरे संप्रदाय के लड़के के साथ प्रेम विवाह कर चुकी बहन को कथित रूप से गोली मार दी। लड़की घायल है और अस्पताल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के संबंध में पुलिस ने एक आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण इलाके में तनाव है।
दौराला पुलिस क्षेत्राधिकारी ब्रिजेश कुमार ने आज बताया कि शहर से सटे सिवाया गांव की फुरकानी (25) ने परिजन के विरोध के बावजूद चार वर्ष पूर्व गांव के ही दूसरे संप्रदाय के युवक रविन्द्र से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद फुरकानी ने अपना नाम बदल कर नीशू रख लिया था और देवबंद पति के साथ रहने लगी थी।
उन्होंने बताया कि दो माह पहले प्रेमी युगल यह सोच कर गांव लौटा था कि अब सब कुछ सामान्य हो गया होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार मंगलवार को दोपहर में जब रविन्द्र काम पर गया हुआ था तो पीड़िता के दो भाई निजामुद्दीन और फुरकान अपने एक साथी शाहिद के साथ घर पहुंचे। वहां, फुरकान ने उसे गोली मार दी।
कुमार के अनुसार घायल महिला के पति रविन्द्र की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनमें से एक आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपी गांव से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। गांव में तनाव के मद्देनजर एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। उन्होंने बताया कि महिला के अभी होश में नही आने के कारण उसके बयान नही लिये जा सके हैं।