Maharashtra, Haryana Election Results, BJP in Rajya Sabha: भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हरियाणा और महाराष्ट्र में अपेक्षित सीटें नहीं मिलने के बाद इसका असर राज्यसभा पर भी पड़ सकता है। बीजेपी इन दोनों राज्यों में बेहतर प्रदर्शन करके 2018 में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनावों में हुए नुकसान की भरपाई कर सकती थी। लेकिन हरियाणा और महाराष्ट्र में पार्टी को उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं मिली, जिससे उसकी राज्यसभा की सीटों में मामूली गिरावट हो सकती है। बता दें कि महाराष्ट्र और हरियाणा से राज्यसभा में क्रमशः 19 और 5 सदस्य भेजे जाते हैं।
हरियाणा-महाराष्ट्र से राज्यसभा का गणित: बता दें कि हरियाणा के पांच राज्यसभा सदस्यों में से कांग्रेस के पास सिर्फ एक है, जबकि बीजेपी के पास तीन है। पांचवे राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्र हैं जो कि निर्दलीय हैं, लेकिन बीजेपी को उनका समर्थन प्राप्त है। महाराष्ट्र में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के सात सांसद हैं, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के 11 सांसद हैं।
Hindi News Today, 25 October 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
कब होने हैं राज्यसभा के चुनाव: बता दें कि हरियाणा की पांच राज्यसभा सीटों में से दो पर 2020 और 2022 में चुनाव होंगे। वहीं महाराष्ट्र की 19 राज्यसभा सीटों में से सात पर 2020 में चुनाव होंगे, जबकि अन्य छह में 2022 में चुनाव होंगे। महाराष्ट्र की 13 राज्यसभा सीटों में से जिनपर 2020 और 2022 में चुनाव होना है, उनमें एनडीए के पास सात और कांग्रेस-एनसीपी के पास पांच सीटें हैं। जबकि हरियाणा में 2020 और 2022 में होने वाले चार राज्यसभा सीटों में से कांग्रेस के पास सिर्फ एक सीट है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र-हरियाणा में राज्यसभा सांसद का चुनाव करने के लिए आवश्यक विधायकों की संख्या क्रमशः 30 और 36 है।
बीजेपी को हो सकता है नुकसान: बता दें कि जब 2020 में हरियाणा की दो और महाराष्ट्र की सात सीटों पर जब मतदान होगा तब बीजेपी के पास हरियाणा से एक से अधिक राज्यसभा सदस्य भेजने के लिए जरूरी बहुमत नहीं होगा। वहीं महाराष्ट्र में भी बीजेपी -शिवसेना सिर्फ चार राज्यसभा सांसदों को ही भेजने में सक्षम होगी।
क्या है मौजूदा स्थिति: वर्तमान में कांग्रेस के 45 के मुकाबले बीजेपी के पास ऊपरी सदन (राज्य सभा) में 82 सांसद हैं। बीजेपी को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे बड़े राज्यों में मिली हार के बाद राज्यसभा की टैली में भी नुकसान होगा।