ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) नाम के शोध संस्थान ने कहा है कि अमेरिका और वेनेजुएला के बीच विवाद का भारत के वेनेजुएला के साथ व्यापार पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।

अमेरिका ने शनिवार को एक सैन्य अभियान के तहत वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया था। दोनों को गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाया गया है।

अमेरिकी कार्रवाई के बाद वेनेजुएला में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

वेनेजुएला के पास है दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार, अमेरिकी कार्रवाई का बाजारों पर क्या असर पड़ेगा?

काफी घट चुका है व्यापार

जीटीआरआई के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि भारत के लिए इसका आर्थिक या ऊर्जा क्षेत्र पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं होगा क्योंकि अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण भारत-वेनेजुएला व्यापार पहले ही काफी घट चुका है।

अजय श्रीवास्तव ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में भारत का वेनेजुएला से कच्चे तेल का आयात 81.3 प्रतिशत घटकर 2.55 अरब डॉलर रह गया, जबकि कुल व्यापार भी मामूली स्तर पर ही रहा। भारत का वेनेजुएला को दवा सहित अन्य उत्पादों का निर्यात 9.53 करोड़ डॉलर का रहा।

अमेरिका ने वेनेजुएला के ऑयल सेक्टर को टेकओवर किया तो भारत को हो सकता है ये बड़ा फायदा

श्रीवास्तव ने बताया कि भारत और वेनेजुएला के बीच व्यापार अब घटता जा रहा है। इसके पीछे मुख्य कारण अमेरिकी प्रतिबंध और व्यापारिक गतिविधियों में कमी है। उन्होंने यह भी कहा कि कम व्यापार, सख्त प्रतिबंध और बड़ी दूरी को देखते हुए वेनेजुएला की हाल की घटनाएं भारत की अर्थव्यवस्था या ऊर्जा सुरक्षा पर कोई बड़ा असर नहीं डालेंगी।

भारत ने जताई गहरी चिंता

भारत ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़े जाने पर गहरी चिंता जताई है। भारत ने कहा है कि वह वेनेजुएला में तेजी से बदल रही स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है। भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने का भी आह्वान किया।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि काराकस स्थित भारत का दूतावास भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और वह उन्हें हरसंभव सहायता देता रहेगा। शनिवार रात को भारत ने अपने नागरिकों को वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी और वहां मौजूद सभी लोगों से अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह किया।

बहुत मुश्किल से बोल पाए ये 5 शब्द! 24 घंटे से अमेरिकी गिरफ्त में मादुरो