अंडमान द्वीप समूह में आज दोपहर बाद 2 बजकर 29 मिनट पर मध्यम तीव्रता का भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर उसकी तीव्रता 5.4 मापी गई।
आईएमडी ने एक बयान में बताया कि भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर मापी गई है। इसके अनुसार भूकंप से जान अथवा माल के किसी तरह के नुकसान की फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।
नेपाल में प्रलंयकारी भूकंप आने के एक सप्ताह से भी कम समय के भीतर यह भूकंप का झटका महसूस किया गया है। पिछले शनिवार को भारत सहित नेपाल के आसपास के कई इलाकों में जोरदार भूकंप आया था।
भारत की आपदा चेतावनी प्रणाली विश्वस्तरीय :हर्षवर्धन
केंद्रीय भू विज्ञान मंत्री हर्षवर्धन ने आज कहा कि भारत ने पिछले 10 साल में विश्वस्तरीय आपदा चेतावनी प्रणाली विकसित की है जो कुछ देशों की इस तरह की प्रणाली से बेहतर है।
डॉ हर्षवर्धन ने इंडियन एसोसिएशन फॉर द कल्टिवेशन ऑफ साइंस के भ्रमण के दौरान कहा, ‘‘जब दिसंबर 2004 में सुनामी आई थी तो आप कह सकते हैं कि हम वाकई स्तब्ध रह गये थे और देश के पास वस्तुत: पूर्वानुमान लगा पाने वाली कोई प्रणाली नहीं थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब पिछले दस साल के भीतर हमने जो हासिल किया है और 2015 में हमारे पास जो है, वह वाकई विश्वस्तरीय, नंबर एक है।’’
हर्षवर्धन ने कहा कि भारत अन्य देशों को भी जल्दी संकेतों और चेतावनी देकर मदद करता है।
मंत्री ने कहा, ‘‘वैज्ञानिक रूप से और तकनीकी रूप से हम दुनिया में सर्वश्रेष्ठ के समतुल्य हैं या कुछ देशों से बेहतर भी हो सकते हैं। यह सचाई है और इस पर आपको गर्व होगा।’’
नेपाल में भूकंप के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भूकंप के बारे में न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में वैज्ञानिक तरीके से पूर्वानुमान नहीं लगाया जा सकता।
