मुरथल के निकट महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न की घटनाओं की जांच के लिए राज्य सरकार की ओर से गठित टीम के मुताबिक एक महिला ने कथित सामूहिक बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि बलात्कारियों में उनका देवर भी शामिल था।

इस विशेष जांच टीम की प्रमुख पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) डॉक्टर राजश्री सिंह ने रविवार देर शाम एक पत्रकार वार्ता में बताया कि महिला ने बताया कि उसने सोनीपत महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक जाट आंदोलन के दौरान वह 22-23 फरवरी की रात हरिद्वार से अपनी नाबालिग लड़की के साथ वापस नरेला लौट रही थी। पानीपत के नजदीक उसकी बस खराब हो गई। इसके बाद वह एक निजी वैन में बैठ गई। उसने बताया कि वैन में पहले से और भी महिला यात्री मौजूद थीं।

रास्ते में उपद्रवियों ने वैन को मुरथल के पास रुकवा लिया और जबरदस्ती सभी महिलाओं को उतार लिया। महिलाओं को बाहर खींच-खींच कर निकाला गया। उसे यह पता नहीं बाकी औरतों के साथ क्या हुआ। लेकिन उपद्रवी उसे और उसकी बेटी को राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक एक मकान में ले गए। वहां उसके साथ सात लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। उसने बताया कि उपद्रवियों ने उसकी बेटी के कपड़े फाड़ दिए। उसने बताया कि बलात्कारियों में उसका एक देवर भी शामिल था। बलात्कार के बाद आरोपी स्वयं उसे कुंडली बार्डर तक छोड़कर आए।

Read Alsoमुरथल की कहानी चश्मदीदों की जुबानी: ‘उग्र भीड़ ने कुछ महिलाओं को पकड़ लिया था’

डॉक्टर राजश्री ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। उन्होंने बताया कि यह पारिवारिक विवाद भी हो सकता है। पुलिस महिला की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।