राजधानी दिल्ली के मॉडल टाउन में एक लड़की की लाश उसके ब्वॉयफ्रेंड के घर से बरामद होने के मामले में पुलिस ने कई नए खुलासे किए हैं। हत्या के आरोपी 22 साल के नवीन खत्री ने हत्या की बात कबूल कर ली है। आप सुनकर हैरान रह जाएंगे हत्या के दूसरे ही दिन बाद उसके बॉयफ्रेंड ने दूसरी लड़की से शादी रचा ली थी।
जानकारी के मुताबिक लड़की का नाम आरजू सिंह था। 21 साल की यह लड़की दिल्ली के लक्ष्मीबाई कॉलेज की छात्रा थी। आरजू दो फरवरी को घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बाद में पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड के घर से शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, लड़की की हत्या पिछले शनिवार को की गई थी।
दरअसल, आरजू और नवीन एक-दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन दोनों के घरवालों को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था। दोनों ने कुछ ही वक्त पहले अपने रिश्ते की बात घरवालों को बताई थी, लेकिन वे राजी नहीं हुए। इसके बाद नवीन के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। इस बात से आरजू नाराज थी और वह नवीन पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी। नवीन ने 2 फरवरी को आरजू को मिलने के लिए बुलाया और फिर उसकी हत्या कर शव को घर के अंदर ही छुपा दिया। हत्या के बाद वह फरार हो गया और 4 तारीख को उसने अपनी शादी कर ली। डीसीपी विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस हत्याकांड में नवीन के परिवार की भूमिका के बारे में पता लगा रही है।
Read Also: अवैध संबंधों की कहानी: हत्या से पहले सेल्फ़ी ली और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी