भारतीय क्रिकेट कि हिस्सा रहे पठान बंधु मुसीबत की घड़ी में लोगों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। गुजरात के वडोदरा में बाढ़ के बाद यूसुफ पठान जहां लोगों को खाना बांट रहे हैं। वही, इरफान पठान ने जम्मू कश्मीर में सरकार की तरफ से आतंकी हमले को देखते हुए एडवाइजरी जारी होने के बाद घाटी में युवा खिलाड़ियों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने में मदद की।
वडोदरा में भारी बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस बीच शहर में सड़क पर मगरमच्छ भी देखे गए। इस मुसीबत की घड़ी में यूसुफ पठान अपने दोस्तों के साथ मिलकर लोगों को खाना बांट रहे हैं। बड़े पठान की सोशल मीडिया पर लोगों को खाना परोसने की तस्वीर और वीडियो खूब देखे जा रहे हैं।
वडोदरा में बाढ़ में फंसी महिला ने सोशल मीडिया पर मदद मांगी। महिला ने यूसुफ और इरफान पठान को भी टैग किया। महिला ने लिखा कि बारिश के कारण हॉस्टल में कई लड़कियां फंसी हुई हैं। इस मैसेज के बाद इरफान उन लोगों को मदद का आश्वासन दिया। इसके दो घंटे बाद ही लड़कियों तक मदद पहुंच गई।
मालूम हो कि यूसुफ पठान वडोदरा टीम की तरफ से क्रिकेट खेलते हैं। इसके साथ ही आईपीएल में वह सनराइजर्स टीम का हिस्सा हैं। वहीं दूसरी तरफ इरफान पठान इन दिनों जम्मू-कश्मीर में थे। केंद्र सरकार की तरफ से आतंकी हमले के मद्देनजर अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को घाटी छोड़ने की हिदायत दी गई थी।
Good work by Yusuf Pathan arranging food for flood effected peoples in Vadodara, Gujarat. Yusuf Pathan @yusuf_pathan @IrfanPathan pic.twitter.com/5DeU4x6rIW
— JIGAR JOSHI (@jigarceo) August 3, 2019
इस दौरान जम्मू-कश्मीर टीम के मेंटर व पूर्व आलराउंडर इरफान पठान भी वहीं थे। सुरक्षा के मद्देनजर अंडर-16 और अंडर-19 के ट्रायल रद्द कर दिये गए। पठान ने ट्रायल में शामिल होने आए लड़कों को उनके घर पहुंचाने में मदद की। इरफान ने कहा कि मैं खुद यह सुनिश्चित करना चाहता था वे लोग सभी सुरक्षित अपने घर पहुंच जाएं।
पठान ने कहा कि मैं समझ सकता हूं कि उनके पेरेंट्स टेंशन में होंगे। ऐसा होना लाजिमी भी है। उन्होंने कहा कि मैंने कुछ बच्चों से बातचीत की और उनके घर पहुंचने की पुष्टि की। अब जब सब अपने घर पहुंच गए तो मैं भी रवाना हो गया।

