भारतीय सुरक्षा बल ने पाकिस्तानी फायरिंग का कड़ा जवाब देते हुए एक सप्ताह में पाकिस्तानी रेंजर्स के 15 जवान मार गिराए हैं। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। बीएसएफ के एडीजी अरुण कुमार ने कहा कि हम लोग दूसरे तरफ कितने लोग मारे गए, इसकी सही जानकारी नहीं है, लेकिन पाकिस्तानी सेना के करीब 15 जवान मार गिराए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हम लोग आम लोगों पर फायरिंग नहीं करते, लेकिन अगर पाकिस्तान पहले फायरिंग करता है तो हमें जरूर जवाब देंगे। बीएसएफ द्वारा बताया गया कि मारे गए जवानों में से दो पाकिस्तान फ्रंटियर फोर्स के थे और बाकी 13 रेंजर्स थे। साथ ही कुमार ने कहा, ‘पाकिस्तान की तरफ से बार-बार सीजफायर तोड़ा जा रहा है जिसका हम भी करारा जवाब दे रहे हैं।’

वीडियो में देखें- पाकिस्तानी सेना की फायरिंग में एक जवान शहीद

एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, पिछले हफ्ते सात पाकिस्तानी जवानों को मार गिराया गया था। गौरतलब है कि रजौरी, सांबा, अब्दुलिया, आरएस पुरा और सुचेतगढ़ में पिछले 24 घंटों से मुठभेड़ जारी है। गुरुवार को हुए सीजफायर में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था। इसके साथ ही गुरुवार शाम को आतंकियों की घुसपैठ रोक रहा सेना का एक और जवान शहीद हो गया था। भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तानी सेना की ओर से की जाने वाली सीजफायर की घटनाओं में इजाफा हुआ। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तानी सेना ने करीब 50 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है। इसमें भारतीय सेना के सात जवान शहीद हो गए हैं।

Read Also: असली वीर छिप-छिप कर वार नहीं करते, वे सीने का बटन खोल, आंख में आंखें डाल लड़ते हैं- राजनाथ सिंह

गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी शुक्रवार को कहा कि हमारा पड़ोसी देश आतंकवाद का सहारा ले रहा है और प्रॉक्सी वार कर रहा है। सिंह ने आईटीबीपी की राइजिंग डे परेड में कहा, ‘हमारा पड़ोसी देश आंतकवाद का सहारा ले रहा है, प्रॉक्सी वार कर रहा है। लेकिन असली वीर वो नहीं होते जो प्रॉक्सी वार करते हैं, असली वीर वो है जो सीने का बटन खोलकर आंख में आंख डालकर लड़ते हैं।’