बीजेपी की ताकत का आधार ‘हिंदुत्व की राजनीति’ को माना जाता है। पार्टी की पहचान भी एक दक्षिणपंथी दल के रूप है। लेकिन, इसके एक मुख्यमंत्री इन दिनों मुस्लिमों के धर्मग्रंथ ‘कुरान’ का अध्ययन कर रहे हैं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने खुद बताया कि वह कुरान का हिंदी अनुवाद पढ़ रहे हैं। टाइम्स नाउ के मुताबिक सावंत ने कहा, “मैं जानना चाहता था कि कुरान में क्या लिखा गया है। मुझे इसे पढ़ने की काफी उत्सकुता थी।”
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने यह बात रविवार को देर शाम अपने विधानसभा क्षेत्र सनक्लिम में आयोजित ईद-ए-मिलाद समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि उनके किसी परिचित ने हिंदी में अनुवादित कुरान दी थी। सावंत ने बताया कि अभी वह इसे पूरा नहीं पढ़ पाए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे कुरान के साथ-साथ बाइबल का भी अध्ययन करने की कोशिश करते हैं।
सावंत ने कहा, “मैंने इसे (कुरान) अभी पूरी तरह नहीं पढ़ी है। सिर्फ कुछ ही अध्याय पढ़े हैं, जिस तरह मैंने बाइबल के कुछ ही हिस्सों को पढ़ा है। मैं बाइबल भी पढ़ने की कोशिश कर रहा हूं।” मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने भगवत गीता को पहले ही पढ़ रखा है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि न तो गीता, न ही कुरान और न ही बाइबल किसी भी दूसरे धर्म को बदनाम करने की बात नहीं करते हैं। उन्होंने बताया कि कुरान कहता है कि उसका धर्म सबसे श्रेष्ठ है, लेकिन साथ ही साथ यह भी कहता है कि अन्य धर्मों को भी सम्मान दिया जाना चाहिए। गोवा के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार भेदभाव में विश्वास नहीं रखती। सभी योजनाएं नागरिकों के लिए हैं। उन्होंने बताया कि गोवा एक मात्र राज्य है, जिसके पास समान नागरिक संहिता है।