पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सीनियर नेता अटल बिहारी वाजपेयी का आज यानी 25 दिसंबर को जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें याद किया। वाजयेपी को बधाई देने के साथ मोदी ने एक पुराना वीडियो भी ट्वीट किया। वीडियो में दिखाया गया है कि वाजपेयी मोदी से किस अंदाज में मिलते हैं। मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘हमारे सबसे प्यारे और सबके द्वारा आदर प्राप्त अटल जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। मैं उनकी अच्छी सेहत और लंबी आयु के लिए प्रार्थना करता हूं। अटल जी अनुकरणीय सेवा और नेतृत्व से भारत के विकास में काफी योगदान मिला। उनका महान व्यक्तित्व सबको प्रिय है।’

इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘देखिए जब अटल जी अपने कार्यकर्ताओं से मिलते थे तो क्या करते थे। उनकी यही सादगी और गर्मजोशी सबको खुशी देती थी।’ पीएम मोदी के साथ केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने लिखा, ‘अटल बिहारी जी को हैप्पी बर्थडे। वह भारतीय राजनीति के सहासिक नेता हैं। उनकी अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना करता हूं।’ वहीं बीजेपी से राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने लिखा, ‘वाजपेयी जी ने प्रशासनिक कार्यों और विकास में नए कीर्तिमान स्थापित किए थे।’

अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को हुआ था। आज उनका 92वां जन्मदिन है। वाजपेयी का जन्म मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। वह भारत के 10वें प्रधानमंत्री हैं। 1996 में वह 13 दिन के लिए प्रधानमंत्री बने फिर दूसरी बार 1998 से 2004 तक के लिए।