अरुणाचल प्रदेश की निवासी अंशु जामसेन्पा ने रिकॉर्ड पांचवीं बार दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई कर एक नया इतिहास रचा है। एवरेस्ट शिखर सम्मेलन एसोसिएशन के महासचिव लाखपा रांगडू शेरपा ने एवरेस्ट के बेस कैंप से रविवार सुबह इसकी घोषणा की।
भारत की महिला पर्वतारोही अंशु ने रविवार सुबह 7.45 पर माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई पूरी कर तिरंगा लहराया। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला पर्वतारोही बन गई हैं।
इसके अलावा अंशु ने पांच दिनों के भीतर दो बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई पूरी की। उन्होंने इससे पहले 16 मई को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी की चढ़ाई चौथी बार पूरी की थी।
‘ड्रीम हिमालया एडवेंचर’ के प्रबंधन निदेशक दावा एस लामा ने भी अंशु की इस उपलब्धि की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अंशु ने पांच दिनों के भीतर दो बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
दो बच्चों की मां अंशु ने मई 2011 में दो बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई की थी और इसके बाद 18 मई 2013 को उन्होंने तीसरी बार फिर इसे फतह किया था।
लापता हुई पर्वतारोही
दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक पहुंचने के बाद एक भारतीय पर्वतारोही लापता है। नेपाल के अधिकारियों ने आज बताया कि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले रवि कुमार बालकनी इलाके में पहुंचने के बाद से संपर्क से कटे हुए हैं। वह तलहटी में स्थित शिविर में पहुंचने के बाद अंतिम विश्राम स्थल बालकनी से संपर्क में नहीं हैं।
हिमालयन टाइम्स की खबर के अनुसार अरुण ट्रेक्स के प्रबंध निदेशक चेवांग शेरपा ने कहा कि कुमार कल दोपहर 1:28 बजे 8848 मीटर ऊंचाई पर माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक पहुंचे थे। शेरपा के अनुसार कुमार के पर्वतारोही गाइड लाकपा वोंग्या शेरपा भी अधिक ठंड की वजह से अचेतावस्था में मिले हैं।
अधिकारी के अनुसार नीचे उतरने के दौरान कुमार और उनके गाइड अलग-अलग हो गये। शेरपा ने कहा, ‘‘लापता पर्वतारोही की तलाश के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।’’
