समाजवादी पार्टी सांसद अमर सिंह कांग्रेस सांसद जयराम रमेश और फिल्‍मस्‍टार डिंपल कपाडि़या को लंच कराएंगे। ऐसा अमर सिंह के शर्त हारने के कारण होगा। सपा सांसद ने कांग्रेस सांसद और पूर्व मंत्री जयराम रमेश से शर्त लगाई थी। दोनों के बीच राज्‍य सभा से कांग्रेस सांसद डॉ. करण सिंह के संबंध में शर्त लगी थी। अमर सिंह ने संसद में जयराम रमेश से कहा कि करण सिंह जवाहर लाल नेहरू सरकार में केंद्रीय मंत्री थे। रमेश ने इससे इनकार किया और कहा कि वे इंदिरा गांधी कैबिनेट में मंत्री थे। रमेश ने अपनी बात के समर्थन में कई किताबों का प्रूफ दिया।

लेकिन अमर सिंह अपनी बात पर अड़े रहे और दोनों के बीच शर्त लग गई। शर्त के अनुसार जो हारेगा उसे लंच कराना पड़ेगा। इसके बाद अमर सिंह और जयराम रमेश मिलकर करण सिंह के पास गए और उनसे इस बारे में पूछा। यहां पर अमर सिंह की बात गलत साबित हुई। रमेश शर्त जीत गए। अब वे डिंपल कपाडि़या के साथ अमर सिं‍ह के घर लंच करेंगे। गौरतलब है कि अमर सिंह हाल ही में राज्‍य सभा के लिए चुने गए हैं। उन्‍हें सपा ने संसद के ऊपरी सदन में भेजा है। वे कई सालों से राजनीतिक निर्वासन की स्थिति में थे।