उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। जिससे राज्य के 13 जिलों में करीबन तीन दर्जन से ज्यादा सडकें मलबा आ जाने के कारण छतिग्रस्त हो गयी है। और पर्वतीय जिलों में कई गांवों का सडकमार्ग से संपर्क टूट गया है। बद्रीनाथ और यमुनोत्री धामों को जाने वाला रास्ता 24 घंटे से बंद पडे हुए हैं। बद्रीनाथ का रास्ता भूस्खलन के चलते जोशीमठ से आगे कई जगह बंद पडा है। यमुनोत्री राजमार्ग में भी कई जगह पहाड टूटकर सडकमार्ग में आ जाने से रास्ता बंद है। इन दोनों धामों के रास्तों को खोले जाने के लिए सीमा सडक संगठन के जवान लगे हुए हैं। पहाडों में बारिश लगातार जारी है।

बद्रीनाथ-जोशीमठ राजमार्ग में पहाड से मलबा आ जाने के कारण सैंकडों वाहन रास्ते में फंस गए। इसी तरह यमुनोत्री धाम को जाने वाला सडकमार्ग भूस्खलन के कारण बाधित हो गया। वहां भी सैंकडों वाहन फंसे हुए हैं। राज्य मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में राज्य में लगातार बारिश होने की संभा बनी हुई है। उत्तरकाशी में बरसाती नाले में एक छात्र बह गया है। जिसकी खोज जारी है। उत्तराकाशी में भागीरथी नदी खतरे के निशान से उपर बह रही है।

उत्तरकाशी-लालडांग सडकमार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। हरियाणा और उत्तरप्रदेश से बडी संख्या में कांवडिये गंगोत्री पहुंच रहे हैं। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कांवडियों के गोमुख जाने पर पाबंदी लगा है। रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी राघव लंगर के मुताबिक केदारनाथ जाने वाला रास्ता सुचारू रूप से चल रहा है। लगातार हो रही बारिश के बावजूद केदारनाथ की यात्रा चालू है। साथ ही लोगों को सतर्क कर दिया गया है।

राज्य मौसम केन्द्र के निदेशक आनंद शर्मा के मुताबिक राज्य में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है। अब तक राज्य में इस मानसून के दौरान 656 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। और आगे भी मॉनसून के लगातार सक्रिय रहने की उम्मीद है। और 40 से 65 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है।

राज्य के आपदा न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र के निदेशक डॉ पीयूष रौतेला के मुताबिक राज्य में बारिश के चलते जहां राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग खुले हुए हैं। वहीं पहाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के चलते कई सडक मार्ग बाधित हुए हैं। बारिश के चलते हरिद्वार में गंगा नदी खतरे के निशान से एक मीटर नीचे बह रही है। वहीं हल्द्वानी में स्टोन के्रशर से बने गड्डे में बरसाती पानी आ जाने से एक बच्चा डूबकर मौत के मुंह में समा गया।

नैनीताल जिले के रामनगर में बरसाती नदी में बारिश का पानी आ जाने के कारण मोटर साईकिल सवार दो युवक बाल बाल बच गए। टिहरी जिला प्रशासन ने बारिश के चलते टिहरी झील के आस पास के गांवो में अलर्ट जारी कर दिया है। हरिद्वार में गंगा के किनारे बसे गांवों के लोगों को जिला प्रशासन ने संभावित किसी भी बाड से बचने के लिए चेतावनी जारी कर दी है।

उत्तराखंड में इस वक्त बारिश चलते अलकनंदा, भागीरथी, पिंडर, कोसी, मंदाकिनी, नंदाकिनी, बिन्ध्य नदियों समेत कई नदियां उफान पर हैं।