आइसक्रीम में कटी उंगली के बाद अब एअर इंडिया की फ्लाइट से एक हैरान कर देने वाली खबर आई है। बेंगलुरु से सैन फ्रांसिस्को की फ्लाइट में सफर के दौरान यात्री ने खाना मंगाया उसने दावा किया कि खाने में ब्लेड था। एअर इंडिया मामले की जांच कर रही है। पत्रकार मैथ्युरेस पॉल 9 जून को फ्लाइट एआई 175 में सवार थे और उन्होंने अपना अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया।

मैथ्युरेस पॉल ने कहा कि उन्हें एअर इंडिया की इन-फ्लाइट कैटरिंग द्वारा परोसी जाने वाली अंजीर चाट डिश में ब्लेड मिला। पॉल ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “दो या तीन सेकंड तक चबाने के बाद मुझे एहसास हुआ कि यह मेरे भोजन में था। जैसे ही मैंने इसे उगला मुझे एहसास हुआ कि वह क्या था। तीन सेकंड के लिए माफी मांगी गई और चने का कटोरा लेकर वापस आ गया।”

पॉल ने आगे कहा, “किसी भी फ्लाइट में ब्लेड का होना खतरनाक है। दूसरा इससे मेरी जीभ कट सकती थी। तीसरा, अगर कोई बच्चा यह खाना खा रहा होता तो क्या होता।” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिनों बाद एअर इंडिया ने उन्हें पत्र लिखा और मुआवजे के रूप में दुनिया में कहीं भी मुफ्त बिजनेस क्लास यात्रा की पेशकश की, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। पॉल ने कहा, “यह रिश्वत है और मैं इसे स्वीकार नहीं करता।”

टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली एअर इंडिया ने एक बयान में इस घटना को स्वीकार किया। मुख्य कस्टमर एक्सपीरियंस अधिकारी राजेश डोगरा ने भोजन में ब्लेड की पुष्टि की। डोगरा ने कहा, “हमने जांच की है और स्रोत की पहचान हमारे कैटरिंग पार्टनर द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली सब्जी मशीन के रूप में की है। हम सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए उनके साथ काम कर रहे हैं। कड़ी सब्जियों को काटने के बाद प्रोसेसर की अधिक बार जांच होगी।”

डोगरा ने पॉल के इस दावे पर कोई टिप्पणी नहीं की कि एअर इंडिया ने मुआवजे के रूप में एक बिजनेस क्लास उड़ान की पेशकश की थी। एअर इंडिया को उड़ान के दौरान कई समस्याओं के लिए यात्रियों की बढ़ती आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। असंतुष्ट यात्रियों ने सोशल मीडिया पर गंदे केबिनों, खराब एंटरटेनमेंट सिस्टम और खराब गुणवत्ता वाले भोजन की शिकायत की है।

इसके अलावा बिजनेस क्लास के यात्रियों ने विशेष रूप से टिकटों की हाई प्राइस से संबंधित मुद्दों की सूचना दी है। एअर इंडिया ने माफी मांगी है और शिकायतों की आंतरिक जांच करने का वादा किया है।

आइसक्रीम में मिली कटी उंगली

कुछ दिन पहले ही एक कॉर्नेटो आइसक्रीम में आदमी की कटी हुई उंगली दिखाई दी थी। उस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपना गुस्सा निकाला था। नोएडा की जिस महिला के साथ यह घटना हुई थी, उनका कहना था कि वे पूर्ण रूप से शाकाहारी हैं, ऐसे में अगर गलती से उनके बच्चे या वे इस आइसक्रीम का सेवन कर लेते तो उनका धर्म भ्रष्ट हो जाता और उनकी आत्मा बहुत दुखती।