Aero India Show 2023 In Bengaluru: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कर्नाटक के बेंगलुरू में एयरो इंडिया 2023 के 14वें संस्करण का उद्घाटन किया। येलहंका के वायु सेना स्टेशन में एयरो इंडिया 2023 के उद्घाटन में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत के नए दृष्टिकोण को दिखाता है। उन्होंने कहा, “एयरो इंडिया नए भारत के नए दृष्टिकोण को दर्शाता है। एक समय था जब इसे महज एक शो समझा जाता था। पिछले कुछ सालों में देश ने इस धारणा को बदल दिया है। आज यह सिर्फ दिखावा नहीं है बल्कि भारत की ताकत भी है। यह भारतीय रक्षा उद्योग और आत्मविश्वास के दायरे पर केंद्रित है।”
उन्होंने कहा, “एयरो इंडिया का यह आयोजन भारत के बढ़ते हुए सामर्थ्य का उदाहरण है। इसमें दुनिया की करीब 100 देशों की मौजूदगी होना दिखाता है कि भारत पर पूरे विश्व का विश्वास कितना बढ़ गया है।” उन्होंने आगे कहा, “देश-विदेश के एग्जिबिटर इसमें अपनी भागीदारी कर रहे हैं। इसने अब तक अपने सारे रिकोर्ड तोड़ दिए हैं। इसमें भारतीय MSME भी हैं, स्वदेशी स्टार्ट अप भी है और दुनिया की जानी मानी कंपनी भी है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई देश नई सोच, नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ता है, तो उसकी व्यवस्थाएं भी नई सोच के हिसाब से ढलने लगती हैं। भारत आज एक पोटेंशियल डिफेंस पार्टनर भी है, आज देश नई ऊंचाईयों को छू भी रहा है, और उन्हें पार भी कर रहा है। 21वीं सदी का नया भारत न कोई मौका गंवाएगा ना ही मेहनत में कोई कमी रखेगा।
उन्होंने आगे कहा कि हम कमर कस चुके हैं। हम हर सेक्टर में रेवोल्यूशन ला रहे हैं। जो देश दशों तक सबसे बड़ा डिफेंस का इंपोर्टर था, वो अब दुनिया के 75 देशों तक डिफेंस इक्विपमेंट एक्सपोर्ट कर रहा है। पिछले 5 सालों में देश का निर्यात 6 गुना बढ़ा है। हमने 2021-22 में अब तक के रिकॉर्ड 1.5 बिलियन से ज्यादा के एक्सपोर्ट के आंकड़े को पार कर लिया है।
उन्होंने आगे कहा,”रक्षा एक ऐसा क्षेत्र है, जिसकी तकनीक, मार्केट और सतर्कता को सबसे जटिल माना जाता है। हमारा लक्ष्य है 2024-25 तक इसके निर्यात के आंकड़े को डेढ़ बिलियन से बढ़ाकर 5 बिलियन डॉलर तक ले जाया जाए।”