आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की चार लोकसभा सीटों के लिए अपनी प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से अपने विधायक कुलदीप कुमार को चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है। पूर्वी दिल्ली सामान्य सीट है, यहां से कुलदीप कुमार कुमार चुनाव लड़ेंगे। कुलदीप कुमार फिलहाल रिजर्व सीट से विधायक हैं।
कुलदीप कुमार के अलावा आम आदमी पार्टी ने नई दिल्ली लोकसभा सीट से सोमनाथ भारती, साउथ दिल्ली से सहीराम पहलवान, वेस्ट दिल्ली से महाबल मिश्रा को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में अपने हिस्से में आई कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सुशील गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है।
आम आदमी पार्टी प्रत्याशियों का ऐलान करते हुए गोपाल राय ने कहा, “आज दिल्ली से चारों लोकसभा सीट जहां से इंडिया गठबंधन में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार खड़ा करने का फैसला हुआ था… उसमें खासतौर से पूर्वी लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक फैसला किया है। पूर्वी लोकसभा सीट जनरल सीट है, हमने यहां कुंडली से हमारे विधायक कुलदीप कुमार… जो एससी कैटेगरी से, रिजर्व कैटेगरी से आते हैं… उन्हें लड़ाने का फैसला किया है। यह एक ऐतिहासिक फैसला है… शायद दिल्ली में पहली बार किसी जनरल जनरल सीट से एक रिजर्व कैटेगरी से आने वाले कैंडिडेट को खड़ा करने का कोई पार्टी फैसला ले रही है।”
कुरुक्षेत्र से सुशील गुप्ता को दिया टिकट
गोपाल राय ने आगे कहा कि मालवीय नगर से हमारे विधायक सोमनाथ भारती को नई दिल्ली से प्रत्याशी बनाया गया है। साउथ दिल्ली से सहीराम पहलवान और पश्चिम दिल्ली से मार्बल मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। हरियाणा में हमने कुरुक्षेत्र से पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता को प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया है।
कांग्रेस किसे देगी टिकट
न्यूज एजेंसी PTI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के लिए अपने प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के नाम पर विचार कर रही है। इसके अलावा उत्तर पूर्वी दिल्ली से दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। साल 2019 में शीला दीक्षित ने इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था।
पीटीआई की रिपोर्ट में बताया गया है कि चांदनी चौक लोकसभा सीट पर कांग्रेस अलका लांबा, जय प्रकाश अग्रवाल के नाम पर विचार कर रही है। नॉर्थ वेस्ट दिल्ली लोकसभा सीट के लिए पूर्व सांसद उदित राज और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान के नाम पर विचार जारी है। आपको बता दें कि इंडिया गठबंधन में हुए समझौते के तहत दिल्ली में आम आदमी पार्टी को चार जबकि कांग्रेस को तीन सीटें मिली हैं।