मोदी सरकार के हालिया कैबिनेट विस्तार के साथ केन्द्रीय मंत्रिमंडल में कुल मंत्रियों की संख्या 78 हो गई है। Association for Democratic Reforms (ADR) की स्टडी के अनुसार, इनमें से 72 मंत्री करोड़पति हैं, जबकि 24 ने अपने चुनावी हलफनामे में खुद पर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कबूली है। पिछले सप्ताह हुए विस्तार में 19 नए मंत्रियों को जगह दी गई थी। नए मंत्रियों की औसत संपत्ति 8.73 करोड़ है। इसके साथ ही मोदी कैबिनेट की औसत संपत्ति बढ़कर 12.94 करोड़ रुपए हो गई है।
नए मंत्रियों में, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद एमजे अकबर ने 44.90 करोड़ रुपयों की संपत्ति घोषित की है। उनके बाद पीपी चौधरी (35.35 करोड़) तथा विजय गोयल (29.97 करोड़ रुपए) का नंबर आता है। दोनों राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। नए मंत्रियों में एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति रखने वालों में रमेश जिगाजिनागी, पुरुषोत्तम खोदाभाई रुपाला, अनुप्रिया सिंह पटेल, महेन्द्र नाथ, फग्गन सिंह कुलस्ते, राजेन गोहाईं, एसएस अहलूवालिया, अर्जुन राम मेघवाल, सीआर चौधरी, मनसुखभाई लक्ष्मणभाई मांडवीय और कृष्णा राज का नाम शामिल है।
READ ALSO: केजरीवाल और हार्दिक पटेल को एक ही दिन मिली जमानत, लोगों ने कहा- मिल बैठे दो भाई
ADR के अनुसार, कुल 78 केन्द्रीय मंत्रियों में 9 ने 30 करोड़ से ज्यादा संपत्ति होने की घोषणा की है। इनमें वित्तमंत्री अरुण जेटली (113 करोड़), खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल (108 करोड़) और ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल (95 करोड़ रुपए) के नाम प्रमुख हैं। नए मंत्रियों में, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य और अब पर्यावरण मंत्री अनिल माधव की संपत्ति सबसे कम (60.97 लाख रुपए) है। कुल छह मंत्रियों ने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपए से कम बताई है।
READ ALSO: कॉमेडियन मीर अफजल ने फेसबुक पर इस तरह दिया ‘इमाम साहब’ को जवाब, पोस्ट वायरल
नए कैबिनेट मंत्रियों में से, 7 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। केन्द्रीय कैबिनेट में 24 मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उम्र के हिसाब से मंत्रियों को देखें तो तीन मंत्री 31 से 40 साल, 44 मंत्री 41 से 60 साल और 31 मंत्री 61 से 80 साल की उम्र के हैं। अब केन्द्रीय कैबिनेट में कुल नौ महिला मंत्री हैं।