नए साल का आगाज होने वाला है। ऐसे में हर कोई न्यू ईयर 2025 (New Year 2025) के जश्न की तैयारियों में जुट गया है। गौरतलब है कि लोग अलग-अलग तरह से अपने-अपने अंदाज में नए साल का स्वागत करते हैं। इसके लिए जहां कुछ लोग ट्रिप प्लान करते हैं, पहाड़ों और खूबसूरत जगहों पर घूमने निकल जाते हैं, परिवार के साथ हाउस पार्टी करते हैं, तो कई दोस्तों के साथ क्लब या डिस्को में जाकर जमकर डांस करते हैं।
अब, इन सभी तरीकों के बारे में तो आप जानते ही होंगे, हो सकता है न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के लिए आप भी इन्हीं में से कोई तरीका अपनाते हों। हालांकि, इनसे अलग कुछ देश ऐसे भी हैं, जहां नए साल पर कई अजीबोगरीब परंपराएं निभाई जाती हैं। यहां हम आपको ऐसी ही कुछ परंपराओं के बारे में बता रहे हैं।
आधी रात खाते हैं 12 अंगूर
ये परंपरा स्पेन में निभाई जाती है। यहां के लोग 31 दिसंबर की रात 12 बजे 12 अंगूर खाते हैं। आधी रात घंटियां बजाई जाती हैं और हर एक घंटी की आवाज पर एक अंगूर खाया जाता है। दरअसल, स्पेन के लोगों का मानना होता है कि नए साल पर इस परंपरा को निभाने पर आपका सालभर अच्छा बीतता है।
खिड़कियों से फेंकते हैं फर्नीचर
इटली में भी नए साल पर अनोखी रस्म निभाई जाती है। यहां के लोग न्यू ईयर के दिन अपने घर की खिड़कियों और बालकनी से पुराने फर्नीचर बाहर फेंकते हैं। माना जाता है कि ऐसा करने से वे अपने घर और लाइफ से पुरानी और खराब चीजों को दूर कर रहे हैं और नए तरीके से अच्छी चीजों की शुरुआत कर रहे हैं।
दोस्तों के दरवाजों पर तोड़ते हैं प्लेट
डेनमार्क के लोग न्यू ईयर पर अपने दोस्तों और पड़ोसियों के दरवाजों पर प्लेट और चम्मच फेंककर तोड़ते हैं। इस परंपरा को निभाने वाले लोगों का मानना होता है कि अगली सुबह जिसके दरवाजे पर जितने ज्यादा टूटे बर्तन मिलेंगे, उसका साल उतना ही खास और अच्छा रहने वाला है।
फर्स्ट फुटिंग
स्कॉटलैंड के लोग न्यू ईयर पर किसी के आने का इंतजार करते हैं। यहां इस परंपरा को First Footing कहा जाता है। माना जाता है कि 31 दिसंबर की रात 12 बजे के बाद जो भी पहला शख्स आपके घर आता है वो आपके लिए सौभाग्य लेकर आता है।
समुंद्र की ऊंची-ऊंची लहरों पर कूदना
ब्राज़ील में लोग 31 दिसंबर की रात समुद्र तट पर सफेद कपड़े पहनकर जमा होते हैं और समुंद्र की ऊंची-ऊंची लहरों पर कूदते हैं। यहां ऐसा करना अच्छे भाग्य का प्रतीक माना जाता है।
सूटकेस लेकर दौड़ना
इन सब से अलग कोलंबिया के लोग भी बेहद दिलचस्प अंदाज में न्यू ईयर मनाते हैं। यहां के लोग न्यू ईयर से पहले सूटकेस लेकर घरों और सड़कों पर दौड़ते हैं। दरअसल, कोलंबिया के लोग घूमने के बेहद शौकीन होते हैं। वहीं, माना जाता है कि सूटकेस के साथ दौड़ने पर उन्हें नए साल में घूमने और अच्छी जगह पर यात्रा करने के ज्यादा मौके मिलेंगे।
इस तरह अलग-अलग देश के लोग अपने-अपने अंदाज में नए साल का जश्न मनाके हैं। उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- मात्र 5500 रुपये में यहां मनाएं New Year 2025, दो दिन घूमकर मन खुश हो जाएगा
