चेहरे की खूबसूरती को बढ़ाने में होंठ अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए इनका ख्याल रखना सबसे ज्यादा जरूरी है। सर्दियों के मौसम में शुष्क वातावरण और ठंडी हवा चलने के कारण होंठों की नमी खो जाती है और वह जल्दी-जल्दी ड्राई होने लगते हैं, जिसके कारण होंठ फट जाते हैं। कई बार तो होंठों से खून भी निकलने लगता है। इसलिए खासतौर पर ठंड के दौरान होंठों की सही देखभाल करनी पड़ती है।

सुर्ख लाल होंठ हर किसी को पसंद होते हैं। अगर आपको भी सर्दियों के मौसम में होंठ फटने की समस्या हो रही है तो घरेलू नुस्खों के जरिए इन्हें ठीक किया जा सकता है।

हल्दी: औषधीय गुणों से भरपूर हल्दी ना सिर्फ स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होती है बल्कि यह फटे होंठों की समस्या से भी निजात दिला सकती है। अगर आपके फटे होंठों से खून आ रहा है तो इसके लिए 2 चुटकी हल्दी में चौथाई चम्मच दूध को मिला लें। अब इस पेस्ट को रोजाना रात को सोने से पहले अपने होंठों पर लगाएं। नियमित तौर पर यह उपाय अपनाने से कुछ ही दिनों में आपको सुर्ख और लाल होंठ मिल सकते हैं।

नारियल का तेल: फटे होंठों की समस्या से निजात दिलाने में नारियल का तेल भी कारगर है। इसके लिए रोजाना पूरे दिन में 2 से 3 बार नारियल का तेल होंठों पर लगाएं। रात में सोने से पहले भी आप अपने होंठों पर नारियल के तेल से मसाज कर सकते हैं। इससे ना सिर्फ आपके होंठों की त्वचा मुलायम हो बल्कि दर्द में भी आराम मिलेगा।

मलाई का करें इस्तेमाल: मलाई भी फटे होंठों पर असरदार साबित हो सकती है। इसके लिए रोजाना सोने से पहले अपने फटे होंठों पर मलाई लगाएं। दो मिनट तक होंठों की मसाज करने के बाद इसे ऐसे ही छोड़ दें। कुछ घंटों बाद चेहरे को धो लें।

ऑलिव ऑयल और चीनी: एक चम्मच जैतून का तैल और एक चम्मच वैसलीन के साथ 2 बडे़ चम्मच पीसी हुई चीनी को अच्छी तरह से मिला लें। ऑलिव ऑयल में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, यह त्वचा के लिए काफी लाभदायक होता है। इसमें मौजूद विटामिन ई होठों को खूबसूरत बनाता है।