टेक्नोलॉजी ने जिंदगी बहुत आसान बना दी है। यह बहुत तेजी से बदल रही है और इसे इस्तेमाल करने वालों में भी बदलाव आ रहा है। खासकर इंडियन्स में। एक ताजा सर्वे में तो यह बात निकलकर भी आई है। सर्वे में सामने आया है कि, टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से इंडियन्स खुद को वास्तविक उम्र से कम, हेल्दी और इमोशनल महसूस करने लगे हैं। सर्वे में शामिल 91 प्रतिशत लोगों का मानना है कि स्मार्ट डिवाइस, जैसे कंप्यूटर और स्मार्ट डिस्प्ले से उनकी हेल्थ में सुधार पहले की तुलना में अधिक हो रहा है।
इंडियन्स को लेकर सामने आया यह सर्वे चाइनीज कंपनी लेनेवो ने कराया है। लेनेवो इंडिया के सीईओ और एमडी राहुल अग्रवाल ने बताया कि, ‘हम देख रहे हैं कि भारत में आर्टीफीशियल इंटेलिजेंस युक्त स्मार्टफोन की बिक्री बढ़ रही है। यह तकनीक लोगों को एक नए युग में ले जा रही है। हमने हाल ही में गूगल असिस्टेंट के साथ स्मार्ट घड़ी और स्मार्ट डिस्प्ले जैसे प्रोडक्ट्स की लॉन्चिंग के साथ अपने स्मार्ट होम पोर्टफोलियो की शुरुआत की है। लेनेवो के लिए भारत में यह बहुत बड़ा कदम है’।
दुनिया भर के 15,000 से अधिक व्यक्तियों पर यह सर्वे किया गया। इसमें सर्वे में अमेरिका, मैक्सिको, ब्राजील, चीन, भारत, जापान, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस और इटली सहित कई देशों के लोगों को शामिल किया गया। इसके बाद शोध में पाया गया कि, टेक्नोलॉजी उन्हें बहुत बदल रही है या कुछ हद तक।
इस सर्वे में शामिल लोगों ने यह भी बताया कि, वह टेक्नोलॉजी को अपने जीवन, समाज, आज और भविष्य को लेकर कैसा सोचते हैं। सर्वे के अनुसार, भारत में ज्यादातर लोग काम के चलते अपने परिवार और रिश्तेदारों से दूर रहते हैं, उनमें से 85 प्रतिशत ने माना कि टेक्नोलॉजी की बदौलत वह अपने परिवार, दोस्तों और शुभ चिंतकों से लगातार आसानी से संपर्क में रह सकते हैं। इस सर्वे में शामिल 66 परसेंट लोगों ने माना कि टेक्नोलॉजी की बदौलत वह खुद को यंग महसूस करते हैं।
