Panchamrit Recipe For Janmashtami: हिंदू धर्म में पंचामृत का विशेष महत्व है। खासकर जन्माष्टमी के मौके पर पंचामृत को मुख्य प्रसाद माना जाता है। इस खास दिन पर भगवान कृष्ण की मुर्ति को पंचामृत से स्नान कराया जाता है और इसके बाद लोगों में इसे प्रसाद के रूप में बांट दिया जाता है। इसके अलावा जो लोग जन्माष्टमी का व्रत रखते हैं, वे भी पंचामृत से ही व्रत खोलते हैं। वहीं, इस साल जन्माष्टमी 6 और 7 सितंबर तारीक को मनाई जाएगी। ऐसे में अगर आप भी इस खास दिन पर श्री कृष्ण के नाम का व्रत रख रहे हैं, लेकिन आपको पंचामृत बनाने के विधि नहीं पता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको पंचामृत बनाने की आसान विधि के बारे में बता रहे हैं।
तैयार कर लें ये सामग्री
बता दें कि वैसे तो पंचामृत पांच मुख्य चीजों दूध, दही, घी, शक्कर और शहद से बनाया जाता है। हालांकि, आप चाहें तो इसमें मखाने और तुलसी के पत्ते भी मिला सकते हैं।
ऐसे करें तैयार
- पंचामृत बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में दही लेकर उसे अच्छी तरह फेंट लें।
- इसके बाद इसमें दूध, शहद, शक्कर और घी मिला लें।
- सभी चीजों के आपस में मिलने तक इसे अच्छे से चलाएं।
- इसके बाद इसमें मखाने मिला लें।
इस तरह बेहद आसानी से आपका पंचामृत बनकर तैयार हो जाएगा। भगवान को भोग लगाने से पहले इसमें कुछ ताजे तुलसी के पत्ते डालना ना भूलें।
सेहत के लिए है बेहद फायदेमंद
बता दें कि धार्मिक नजरिए से अलग पंचामृत खाने से सेहत को कई लाभ मिलते हैं। इनमें से कुछ इस प्रकार हैं-
- आयुर्वेद के अनुसार, पंचामृत में जब पांच मुख्य चीजों को एक साथ मिलाया जाता है, तो ये एक-दूसरे के गुणों में अधिक सुधार और वृद्धि का काम करते हैं। पंचामृत में सप्त धातु (सात शरीर के ऊतकों) को पोषण देने की क्षमता है जो मुख्य रूप से हमारे स्वास्थ्य और प्रतिरक्षा के लिए जिम्मेदार हैं। वहीं, इसमें तुलसी के पत्ते डालने से इसकी रोग नाशक क्षमता और अधिक बढ़ जाती है।
- पंचामृत के सेवन से चेहरे की रंगत सुधरती है।
- हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गर्भावस्था में पंचामृत के सेवन से शरीर के टिश्यूज को पोषण मिलता है।
- पंचामृत कैल्शियम का एक अच्छा स्रोत होता है, जो हड्डियां और दांतों को मजबूती देने का काम करता है।
- इसका सेवन हाजमे के लिए अच्चा माना जाता है।
- इन सब के अलावा पंचामृत पित्त दोष को ठीक करने में भी सहायक है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।