Easy Makhan Recipe for Janmashtami: जन्माष्टमी का पर्व अब बेहद निकट है। इस साल ये पावन पर्व 6 और 7 तारीक को मनाया जाएगा। माना जाता है कि भाद्रपद महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान विष्णु के अवतार श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। ऐसे में कृष्ण भक्त अपने कान्हा का जन्मोत्सव खूब धूमधाम से मनाते हैं। इसी कड़ी में हर गली, चौक चौराहे को खूब सजाया जाता है। जगह-जगह दही हांडी का उत्सव मनाया जाता है। साथ ही लोग श्री कृष्ण के नाम की झांकियां भी निकालते हैं। इन सब से अलग घरों में लड्डू गौपाल के लिए खास भोग भी तैयार किया जाता है, जिसमें उनका प्रिय माखन (मक्खन) सबसे अहम है। हालांकि, अधिकतर लोग दूध या मलाई से मक्खन बनाने की विधि नहीं जानते हैं, ऐसे में वे बाजार में मिलने वाले मिलावटी मक्खन को घर लाने पर मजबूर हो जाते हैं।
वहीं, अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको घर पर ही बेहद आसानी से कृष्ण भोग के लिए माखन तैयार करने की विधि बता रहे हैं।
ऐसे करें तैयार
- इसके लिए सबसे पहले एक बड़े से बर्तन में मलाई निकाल लें।
- अब मथनी या ब्लेंडर की मदद से इसे मथना शुरू कर दें।
- ध्यान रहे आपको मलाई को पूरी तरह लिक्विड में बदलने तक अच्छे से मथना है।
- कुछ समय बाद आप देखेंगे कि दुधिया पानी से कुछ ठोस अलग हो रहा है, ये सफेद ठोस पदार्थ ही मक्खन है।
- जब ये सफेद मक्खन पानी से खुद-ब-खुद अलग होने लगे तब इसे किसी दूसरे बर्तन में निकाल लें।
- अब इसे अच्छे से छान कर धो लें और पूरी तरह साफ होने पर बाल गोपाल को इसी का भोग लगाएं।
दूध से ऐसे निकालें मोटी मलाई
जैसा की ऊपर दी गई विधि से साफ है, मक्खन बनाने के लिए मलाई की जरूरत होती है। वहीं, अगर आपके दूध पर मोटी मलाई नहीं आती है, तो इसके लिए भी हम यहां आसान तरीका बता रहे हैं।
- दूध पर मोटी मलाई जमाने के लिए सबसे पहले आप करीब 10 से 15 मिनट इसे धीमी आंच पर उबाल लें।
- जब दूध उबल जाए, तो गैस को बंद कर दें।
- इसे कुछ देर तक ऐसे ही ठंडा होने के लिए छोड़ दें, साथ ही दूध जिस बर्तन में मौजूद है, उसे किसी थाली या प्लेट से अलग जालीदार चीज से ढकें।
- बिल्कुल ठंडा होने पर दूध के बर्तन को बिना हिलाए डुलाए फ्रिज में ठंडा होने के लिए छोड़ दें।
- 2-3 घंटे फ्रीज में रखने के बाद दूध पर खुद-ब-खुद मोटी मलाई अच्छी तरह जम जाएगी।