हर किसी की चाहत होती है कि उनके बाल खूब लंबे, घने और मजबूत हों। इसके लिए लोग तमाम तरह के नुस्खे भी अपनाते हैं। एक ऐसा ही नुस्खा है, नारियल के तेल में कपूर डालकर बालों में लगाना। आपने भी अक्सर दादी-नानी को ऐसा करने की सलाह देते हुए सुना होगा। नारियल का तेल बालों को कई तरह से फायदा पहुंचाता है लेकिन क्या कपूर बालों के लिए फायदेमंद है? आइए समझते हैं इस बारे में-

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बालों में कपूर का इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है। खासकर नारियल के तेल में कपूर मिलाकर बालों में लगाने से कई फायदे मिल सकते हैं। जैसे-

डैंड्रफ का सफाया

कपूर में एंटी-फंगल गुण मौजूद होते हैं, जो स्कैल्प पर फंगस की वृद्धि को कम करने में मददगार होते हैं, वहीं नारियल का तेल ड्राईनेस को कम कर स्कैल्प को मॉइस्चराइज करता है। ऐसे में अगर आपको भी डैंड्रफ की परेशानी है, तो आप नारियल तेल में कपूर मिलाकर स्कैल्प की मसाज कर सकते हैं।

हेयर ग्रोथ

नारियल के तेल में कपूर मिलाकर मसाज करने से स्कैल्प पर ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। वहीं, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होने पर हेयर ग्रोथ को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा कपूर बालों के रोम को जरूरी पोषण देकर भी ग्रोथ को बढ़ावा देता है, साथ ही हेयर फॉल की समस्या को कम करता है।

खुजली जलन से छुटकारा

खासकर मानसून के दौरान स्कैल्प पर नमी और इसके चलते खुजली, जलन या बैक्टीरियल इंफेक्शन की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में भी स्कैल्प पर कपूर का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है। कई शोध के नतीजे बताते हैं कि कपूर में एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो स्कैल्प पर जलन और खुजली की समस्या से आराम दिला सकते हैं।

बालों में जूं से मिलता है छुटकारा

इन सब से अलग अगर बच्चों के सिर में जुएं पड़ गई हैं, तो ऐसे में भी नारियल के तेल में कपूर मिलाकर बालों में लगाना बेहद फायदेमंद हो सकता है। कपूर की तेज गंध और कूलिंग इफेक्ट जूं के इलाज के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा नारियल तेल और कपूर के मिश्रण में ऑरिक एसिड की मात्रा बढ़ जाती है, जो भी बालों से जूं का सफाया करने में मददगार माना जाता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।