लंबे बाल महिलाओं की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करते हैं। अधिकतर महिलाओं का सपना होता है कि उनके बाल खूब लंबे और घने हों, इसके लिए वे तरह-तरह के महंगे प्रोडक्ट का इस्तेमाल भी करती हैं। बावजूद इसके उनका ये सपना, कई बार महज सपना बनकर ही रह जाता है। ऐसे में अगर आप भी इस तरह की परेशानी का सामना कर रहीं हैं, तो इस लेख में हम आपको कुछ कमाल के घरेलू नुस्खे बताने जा रहे हैं। ये नुस्खे तेजी से आपके बालों की ग्रोथ को बढ़ाने में असरदार साबित हो सकते हैं। साथ ही इसके लिए आपको अधिक खर्चे की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

विटामिन ई दिखाएगा असर

बता दें कि विटामिन ई बालों के लिए कई तरह से फायदेमंद है। इसमें भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सिडंट पाए जाते हैं, जो बालों से जुड़ी हर समस्याओं पर कमाल का असर दिखा सकते हैं। ये हेयर फॉलिकल्स की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स द्वारा नुकसान से बचाने और स्वस्थ रखने में भी मदद करता है। इसके अलावा विटामिन ई कैप्सूल में अल्फा-टोकोफेरॉल रसायन होता है, जो स्कैल्प को स्टिमुलेट करने और ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ावा देने में मदद करता है। वहीं, स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, तो आपके बालों के रोम तक जरूरी पोषण सही मात्रा में पहुंच पाता है।

हेल्थलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विटामिन ई ना केवल बालों का झड़ना कम करता है, बल्कि ये दोमुहे होने की समस्या, बाल पतले होना और बीच से टूटने जैसी परेशानी से भी छुटकारा दिलाता है। यानी विटामिन ई बेजान बालों में एक नई जान डाल तेजी से उनकी ग्रोथ में आपकी मदद कर सकता है।

कैसे करें इस्तेमाल?

बालों की ग्रोथ के लिए विटामिन ई को कई तरह से इस्तेमाल किया जा सकता है। इनमें से कुछ इस प्रकार हैं-

  • 2 चम्मच एलोवेरा जैल में 2 विटामिन ई कैप्सूल मिलाकर एक हेयर मास्क तैयार कर लें। इसे जड़ों से नीचे तक लगाएं और एक से डेढ़ घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। हफ्ते में 2 से 3 बार ऐसा करने से कुछ ही समय बाद आपको कमाल के नतीजे दिखना शुरू हो जाएंगे।
  • आप नारियल के तेल, सरसों के तेल, कैस्टर ऑयल या जोजोबा ऑयल में भी 2 विटामिन ई कैप्सूल मिलाकर बालों में अप्लाई कर सकते हैं। ये भी बालों को दोगुनी तेजी से लंबा बनाने में आपकी मदद करेगा। बेहतर नतीजों के लिए आप इस कैप्सूल को गुनगुने या गर्म तेल में मिलाकर लगा सकते हैं।
  • अधिकतर लोग बालों में अंडा लगाना भी पसंद करते हैं। अंडे में प्रोटीन और बालों के लिए जरूरी कई अन्य पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ऐसे में इसमें विटामिन ई कैप्सूल मिलाने से ये बालों पर कमाल का असर दिखा सकता है। इसके लिए एक कटोरी में अंडे की सफेदी लें, इसमें 2 विटामिन ई कैप्सूल और 1-2 चम्मच नारियल या जैतून का तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इस मिश्रण को बालों में हेयर मास्क की तरह लगाएं। कुछ मिनट स्कैल्प की मालिश करें और कम से कम 3-4 घंटों के लिए बालों में लगाकर छोड़ दें, उसके बाद धो लें।
  • इन सब के अलावा 4 चम्मच प्याज के रस में 1 विटामिन ई कैप्सूल को मिलाकर लगाने से भी हेयर ग्रोथ बूस्ट होती है।