महिलाओं की खूबसूरती में चार चांद लगाने में उनके बालों का सबसे बड़ा योगदान होता है। हालांकि, आज के खराब लाइफस्टाइल के चलते अधिकतर महिलाओं को कम उम्र में ही सफेद बालों की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसके लिए वे कई तरह के जतन करती हैं। कई महिलाएं अपने बालों की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए या उन्हें नैचुरल लुक देने के लिए पार्लर में जाकर हेयर कलर करवाती हैं, तो कई तमाम तरह के तेल या प्रोडेक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं, बावजूद इसके उन्हें अपनी इस समस्या का समाधान नहीं मिल पाता है। वहीं, हेयर सैलून में जाकर बाल डाई कराने वाली महिलाओं को शिकायत होती है कि एक बार डाई लगाने के बाद इसे हमेशा लगाना पड़ता है या कलर या डाई लगाने से कई बार उनके बचे हुए काले बाल भी सफेद होने लगते हैं। अगर आप भी इस तरह की परेशानी से जूझ रही हैं, तो आप अपने सफेद बालों पर नेचुरल डाई का इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे सफेद बाल काले तो होंगे ही, साथ ही ये बालों पर होने वाले किसी भी तरह के साइड इफेक्ट से भी आपको बचाएगा। चलिए जानते हैं घर पर इस नेचुरल डाई को किस तरह तैयार किया जा सकता है।
इस नेचुरल डाई को बनाने के लिए आपको केवल 6 चीजों की जरूरत होगी। नीम पाउडर, कॉफी पाउडर, आंवला पाउडर, मेंहदी, कलौंजी के बीच और एक लोहे की कड़ाही।
घर पर कैसे बनाएं सफेद बालों के लिए नेचुरल डाई?
- इसके लिए सबसे पहले लोहे की कड़ाही को गर्म कर लें।
- अब उसमें कलौंजी के कुछ बीज डालकर उन्हें अच्छे से भून लें।
- इन बीज को भूनने के लिए आपको किसी तरह के तेल या घी की जरूरत नहीं है, आप कलौंजी भुनने के लिए सीधे उसे कड़ाही में डालकर हल्का-हल्का चला सकते हैं।
- अब कड़ाही में बाकी की सभी चीजें यानी मेंहदी, कॉफी पाउडर, नीम पाउडर और आंवला पाउडर को डालकर एक गिलास पानी मिला लें।
- इस पेस्ट को तकरीबन 10 मिनट तक पकाएं। जब यह पेस्ट पक जाए, तो इसे ठंडा होने के लिए रख दें।
- ठंडा होते ही आपकी हेयर डाई बालों में लगाने के लिए एक दम तैयार हो जाएगी।
क्या है लगाने का तरीका?
- बालों को अच्छी तरह से काला करने के लिए हेयर डाई को ब्रश की मदद से जड़ से नीचे तक लगाएं। आप चाहें तो इसके लिए अपने हाथों का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
- डाई लगाने के बाद बालों के टेक्सचर के मुताबिक, आधे से एक घंटे तक इसे लगा छोड़ दें। यानी अगर आपके बाल हल्के और पत्ले हैं, तो ये आधे घंटे में ही असर दिखा सकती है। वहीं, मोटे और घने बाल वाली महिलाएं इसे 1 घंटे तक लगा छोड़ सकती हैं।
- महिलाओं से अलग पुरुष भी इस डाई का इस्तेमाल अपने सिर, दाढ़ी या मूंछ के बालों को काला बनाने के लिए कर सकते हैं।
- आधे से एक घंटे बाद बालों को ठंडे पानी से धो लें और फिर इन्हें प्राकृतिक तौर पर ही सुखाएं।
- नेचुरल तरीके से बनी ये डाई आपके बालों को काला करने के साथ-साथ उन्हें घने और मजबूत बनाने में भी असरदार साबित हो सकती है।
कैसे करती है असर?
- घर पर बनी इस नेचुरल डाई में मौजूद नीम का पाउडर बालों के रोम को मजबूत बनाता है। नीम के पाउडर में एंटीऑक्सीडेंट होता है जो बालों को सफेद होने से बचाने में मदद करता है।
- कलौंजी आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम, सोडियम और फाइबर से भरपूर होती है। इसके अलावा कलौंजी में 15 एमीनो ऐसिड पाए जाते हैं जो बालों को हेल्दी बनाने के साथ-साथ शानदार कंडीशनर का भी काम करते हैं।
- वहीं, आंवला में विटामिन सी, प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम, फास्फोरस जैसे जरूरी पोषक तत्वों के साथ ही एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। इन तत्वों के चलते यह डैमेज बालों को रिपेयर करने, उन्हें पोषण प्रदान करने और बालों को नेचुरली काला बनाने में भी मदद करता है।