रक्षाबंधन का त्योहार अब बस आने ही वाला है। ऐसे में इस त्योहार को मनाने वाली बहनों ने सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दिन खासतौर पर महिलाएं सबसे खूबसूरत दिखने के लिए अमूमन हर कोई कोशिश करती हैं। हालांकि, अगर त्योहार की तैयारी करते-करते थकान, धूप और धूल ने आपके चेहरे का निखार छीन लिया है और बाजार में मौजूद भीड़ को देखते हुए आप पार्लर जाने से बचना चाहती हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए बेहद मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको एक ऐसी कमाल की ट्रिक बता रहे हैं, जिसे अपनाकर आप घर पर ही केवल एक रात में पार्लर जैसा ग्लो पा सकती हैं। साथ ही इसके लिए आपको अधिक पैसे खर्च करने की जरूरत भी नहीं होगी। आइए जानते हैं कैसे-
पार्लर जैसा ग्लो पाने के लिए लें मेथी दाने का सहारा
मेथी दाने का इस्तेमाल ना केवल खाने का जायका बढ़ाने के लिए किया जाता है, बल्कि ये आपकी सेहत को भी कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। इसके अलावा बेहद कम लोग जानते होंगे कि मेथी स्किन के लिए भी बेहद फायदेमंद है। इन छोटे-छोटे दानों की मदद से आप स्किन से जुड़ी हर बड़ी समस्या से निजात पा सकते हैं। इन बीजों में एंटीऑक्सीडेटिव गुण होते हैं, जो डेड स्किन सेल्स को हटाने में सहायता करते हैं, चेहरे के दाग-धब्बों और पिंग्मेंटेशन को हटाने में भी ये कमाल का असर दिखा सकते हैं। इसके अलावा मेथी दाना क्लीजिंग और मॉइस्चराइजिंग से लेकर पिंपल्स के इलाज तक में कारगर साबित हो सकता है।
इसमें मौजूद विटामिन ए, सी, के, बी 6 जैसे खनिज स्किन को ग्लोइंग बनाते हैं। साथ ही ये स्किन पर दिखने वाले बढ़ती उम्र के साइन को भी काफी हद तक कम कर सकते हैं। ऐमे में आइए जानते हैं कि हेल्दी और निखरी त्वचा के लिए कैसे करें मेथी दाने का इस्तेमाल-
- इसके लिए रक्षाबंधन से एक दिन पहले मेथी दाने को पानी में भिगोकर रख दें।
- करीब 8 से 9 घंटे भिगोकर रखने के बाद इन दानों को दरदरा पीस लें।
- अब इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं।
- आपको इसे 15 से 20 मिनट लगे छोड़ देना है, इसके बाद चेहरे पर करीब 1 मिनट के लिए सर्कुलर मोशन में स्क्रब करें।
- तय समय पर चेहरे को ठंडे पानी से धो लें और अपनी पसंद का टोनर लगाएं।
बहतर नतीजों के लिए आप भीगी हुई मेथी में हल्दी और दही मिलाकर भी इसे चेहरे पर लगा सकते हैं। रात के समय तैयार पेस्ट से स्क्रब करने और फिर टोनर या मॉइस्चराइजर लगाने के बाद सुबह के समय आपकी स्किन पर ग्लो देखने लायक होगा।