स्ट्रेट बालों से अलग इन दिनों कर्ली हेयर्स ज्यादा ट्रेंड में हैं। हालांकि, अधिकतर लोग बालों को कर्ल करने के लिए हीटिंग टूल्स का इस्तेमाल करते हैं, जिससे समय के साथ उनके बाल बेहद ड्राई और डैमेज नजर आने लगते हैं। इसके अलावा जिन लोगों के बाल नेचुरली कर्ली होते हैं, वे भी अक्सर बालों के फ्रिजी दिखने से परेशान रहते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए बेहद मददगार हो सकता है।
दरअसल, इन दिनों इंटरनेट पर बिना हीट के केवल 15 से 20 मिनट में बालों को कर्ल करने का एक बेहद आसान तरीका वायरल हो रहा है, यहां हम आपको इसी तरीके के बारे में बता रहे हैं।
बिना कर्लर के बालों को कर्ल कैसे करें?
इसके लिए ‘बाउल मेथड़’ (Bowl method For curly wavy hair) खूब वायरल हो रहा है। इस तरीके की मदद से आप बेहद आसानी से बिना हीट के परफेक्ट वेवी कर्ल्स पा सकते हैं। साथ ही इससे बालों के फ्रिजी होने की परेशानी भी दूर रहती है।
- इसके लिए सबसे पहले बालों में नॉर्मल शैंपू कर लें।
- अब, एक बड़े से बाउल को पानी से भर लें। अपने बालों को आगे की ओर फ्लिप करते हुए इस बाउल में बालों को डालें।
- इसके बाद एक बार बालों में कंघी कर इन्हें अच्छी तरह सुलझा लें।
- अब, आपको बालों को बाउल में डुबाना है और फिर हाथों की मदद से बालों को ऊपर की ओर स्क्वीज़ करना है। इस तरीके को 3 से 4 बार दोहराएं।
- इसके बाद बालों में कर्ल क्रीम लगाएं और दो से तीन बार फिर इस तरीके को दोहराएं। यानी आपको बालों को फिर पानी में डिप करना है और हाथों की मदद से ऊपर की ओर निचोड़ते जाना है।
- इसके बाद बालों में जेल लगाएं और फिर 2 से 3 बार इस तरीके को दोहराएं।
- आखिर में कॉटन के तौलिए की मदद से बालों को ऊपर की ओर निचोड़ते हुए पानी को सोख लें।
- इसके बाद बालों को ड्राई करें और थोड़ी मात्रा में तेल या सीरम लगा लें।
यहां देखें वीडियो-
बता दें कि ये तरीका कर्ली और वेवी दोनों हेयर टाइप के साथ काम कर सकता है। खूबसूरत कर्ल्स के लिए आप भी इस तरीके को अपना सकते हैं।