नारियल के तेल को सुपरफूड्स में शामिल किया जाता है। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट्स और फैट काफी मात्रा में पाए जाते हैं। नारियल के तेल में फैटी एसिड्स का भंडार होता है जो विटामिन ए, डी, ई और के जैसे विटामिन्स के पाचन में भी मददगार होते हैं। नारियल में पाए जाने वाले फैट की वजह से लोग इसे खाने में संकोच करते हैं जबकि तमाम विशेषज्ञों के मुताबिक यह बेहद स्वास्थ्यकर और मोटापा कम करने वाला फूड है। सेहत के लिए बेहतरीन होने के साथ-साथ नारियल का तेल सौंदर्य संबंधी समस्याओं के लिए भी बेहद फायदेमंद है। आइए जानते हैं कि सौंदर्य संबंधी समस्याओं के लिए नारियल का तेल कैसे फायदेमंद है।
फेस मॉइश्चराइजर के रूप में – नारियल का तेल चेहरे के लिए बेहतरीन मॉइश्चराइजर का काम करता है। यह किसी भी क्रीम के मुकाबले त्वचा में नमी लाने के लिए बेहतर विकल्प है। मेकअप से पहले प्राइमर के रूप में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
लिप बाम के रूप में – अगर आप गर्मियों में होठों के सूखने और फटने की समस्या से परेशान हैं तो नारियल का तेल आपको इससे निजात दिला सकता है। इसके लिए बस थोड़ा सा तेल लेकर होठों पर लगाएं। कुछ ही देर में इसका असर दिखने लगेगा।
आंखों के नीचे सूजन – आंखों के नीचे सूजन हो जाने पर नारियल के तेल का इस्तेमाल सबसे सही होता है। इसके लिए नारियल के तेल में उंगली डुबोकर निकाल लीजिए और यह तेल आंखों के नीचे की सूजन पर लगाकर हल्की मॉलिश कीजिए। जल्द ही आराम मिलेगा।
वजन कम करने में – मोटापा आपकी सुंदरता में बट्टा लगाने के लिए काफी है। ऐसे में इससे निजात पाने के लिए भी आप नारियल के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि खाने से बीस मिनट पहले नारियल के तेल का सेवन करने से भूख कम लगती है और आप कम खाते हैं। इससे मोटापे से निजात मिलने में आसानी होती है। इसके अलावा नारियल का तेल आपके मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है। जिससे पाचन क्रिया आसान हो जाती है।
ऑयल पुलिंग – ऑयल पुलिंग एक तरह का एक्सरसाइज है जिसमें शरीर के टॉक्सिन्स को बाहर निकालने की कोशिश की जाती है। इससे पाचन और दांतों की सेहत दुरुस्त रहती है। इसके लिए एक चम्मच नारियल का तेल मुंह में डालकर चारों और घुमाएं। तकरीबन 20 मिनट तक ऐसा करने के बाद बाहर थूक दें। अब ब्रश कर लें। इसे खाली पेट ही करना चाहिए। दिन में दो बार ऑयल पुलिंग की जा सकती है।
