हमारे देश में बहुत पुराने समय से खाना खाने के बाद पान खाने की परंपरा रही है। आज भी पान खाना यहां के अधिकांश लोगों की सामान्य आदत है। स्वाद में कसैला लगने वाले पान के पत्ते में सुपारी, कत्था, चूना और दूसरी कई चीजें मिलाकर खाया जाता है। पान खाना यूं तो एक बुरी आदत मानी जाती है लेकिन इसके बहुत से फायदे भी होते हैं। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि पान के पत्तों का इस्तेमाल चेहरे को खूबसूरत बनाने के लिए भी किया जा सकता है। सौंदर्य प्रसाधन के रूप में पान के पत्ते किस तरह से उपयोग में लाए जा सकते हैं, आज हम आपको इसी बारे में बताने वाले हैं।

मुहांसों से छुटकारा दिलाए – चेहरे पर दाग-मुहांसों की समस्या को पान के पत्तों की मदद से दूर किया जा सकता है। इसके लिए पान के पत्तों का बारीक पेस्ट बना लें। अब इसमें हल्दी की कुछ मात्रा मिक्स कर मुहांसों पर लगाएं। बाद में घो लें। 2-3 बार इस नुस्खे को आजमाकर आप मुहांसों से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं।

पसीने की बदबू से छुटकारा – गर्मियों में अक्सर पसीने से बदबू की समस्या से दो चार होना पड़ता है। ऐसे में आप अपने नहाने के पानी में पान के पत्ते का तेल मिलाकर स्नान करें। इससे जल्द ही पसीने की बदबू से छुटकारा मिल जाएगा।

माउथ फ्रेशनर है पान – पान के पत्ते एक अच्छे माउथ फ्रेशनर होते हैं। इन्हें पानी में उबालकर इसके पानी को स्टोर करके रख लें। इस पानी के इस्तेमाल से न सिर्फ मुंह की बदबू बल्कि दांतों की सड़न से भी छुटकारा पाया जा सकता है।

चेहरे पर चमक लाए – सबसे पहले पान के पत्ते को पानी में उबाल लें। अब इस उबले पत्ते को पीसकर पेस्ट बना लें। अब चाहें तो इसमें बेसन भी मिला सकते हैं। इस पेस्ट को चेहरे तथा गर्दन पर लगाएं और 15 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। इससे आपके चेहरे की चमक बढ़ जाएगी।