WWE, Andre The Giant: WWE की दुनिया में कई ऐसे रेसलर रहे हैं जो बड़ी मुश्किल से रिंग में मात खाते थे। रिंग में हर रेसलर जीत का सपना लेकर ही उतरता है और इस सपने के लिए मारता भी है और मार भी खाता है। क्या आपने कभी सोचा है कि कोई ऐसा रेसलर भी है जो लंबे अरसे हारा ही नहीं हो। कुछ ऐसी ही कहानी है सात फुट चार इंच लंबे WWE रेसलर आंद्रे द जायंट की। कहा जाता है कि आंद्रे द जायंट ऐसे रेसलर रहे जो 15 सालों तक किसी रेसलर से रिंग में नहीं हारे। आंद्रे के कारनामे रिंग में ही नहीं मयखाने में भी मशहूर रहे। आंद्रे को ग्रेटेस्ट ‘ग्रेटेस्ट ड्रंकर ऑन अर्थ’ कहा जाता था उसके कई किस्से ऐसे हैं जिसे सुनकर बड़ी हैरत होती है। दरअसल आंद्रे के नाम एक ‘बार’ में सबसे ज्यादा शराब पीने का अनधिकृत रिकॉर्ड है। कहा जाता है कि एक बार में 156 बीयर पीने वाला ये शख्स दुनिया का सबसे बड़ा शराबी था। इतना ही नहीं आंद्रे की शराब पीने की आदत को लेकर और भी कई किस्से हैं।
आम आदमी की क्षमता से 55 गुना ज्यादा : आंद्रे ने जब 156 बीयर यानी 73 लीटर शराब पी थी उसके बाद वह बेहोश हो गया था। आंद्रे आम आदमी की क्षमता से 55 गुना ज्यादा शराब पी गया था। इसके बाद बार वाले को लगा कि पुलिस को बुलाकर आंद्रे को वापस भेजना चाहिए लेकिन फिर उसे महसूस हुआ कि पुलिस का लफड़ा बढ़ जाएगा इसलिए उसने आंद्रे को वहीं छोड़ दिया और आंद्रे को जब होश आया तो वह वापस गया।
बीमारी के चलते बना रेसलर: बीमारी के चलते आंद्रे रेसलर बना। आदमी के शरीर में गर्दन के पीछे की तरफ पिट्यूट्री ग्लैंड (पीयूष ग्रंथि) होती है। इससे निकलने वाीले हार्मोंस से आदमी की कद काठी तय होती है। एक समय पर आकर ये ग्रंथि हॉर्मोन बनाना बंद कर देती है जिसके बाद आदमी का शारीरिक विकास रुक जाता है। लेकिन आंद्रे के साथ ऐसा नहीं था। उसके अंदर का पीयूष ग्रंथि से हॉर्मोन बनना नहीं रुका और उसका शरीर भीमकाय हो गया था। इतने बड़े शरीर के साथ ही वह किसान से रेसलर बन गया।
आंद्रे की बीमारी लगातार बढ़ती जा रही थी। देखते-देखते उसका शरीर 300 किलोग्राम तर पहुंच गया था। जनवरी 1993 में 46 साल की उम्र में आंद्रे को पेरिस के होटल में मरा पाया गया। दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई थी। साल 1946 में फ्रांस में जन्मे आंद्रे ने वर्ष 1973 में डब्ल्यूडब्ल्यूई की दुनिया में डेब्यू किया था। 15 साल की जीत के बाद WWE के दिग्गज हल्क होगन ने रैसलमेनिया-3 में आंद्रे की जीत का सिलसिला तोड़ दिया और रिंग में उन्हे पटखनी दे दी। आंद्रे ने अपने करियर में कुल 191 फाइट लड़ी थी।
