वर्ल्ड रेसलिंग इवेंट (डब्लू.डब्लू.ई) में हुए एक टैग टीम मैच के दौरान भारतीय मूल के रेसलर जिंदर महल, मैच में मिली हार से अपना आपा खो बैठे और मैच के बाद जिंदर महल ने विजेता खिलाड़ियों सेथ रोलिंस और रोमन रेंस पर स्टील की कुर्सी से हमला कर दिया। इसके बाद अंपायरों ने बीच में आकर जिंदर महल को रोका और उन्हें वापस जाने को कहा। वहीं रोमन रेंस और सेथ रोलिंस इस दौरान दर्द से कराहते नजर आए। हालांकि जिंदर महल के इस हमले में दोनों खिलाड़ियों को ज्यादा चोट नहीं आयी और वह कुछ देर बाद ही वह अपने पैरों पर खड़े होकर स्टेडियम से बाहर चले गए।

बता दें कि यह टैग टीम मैच जिंदर महल और केविन ओवेन्स की टीम और सेथ रोलिंस और रोमन रेंस की टीम के बीच खेला गया। मैच के दौरान रोमन रेंस, केविन ओवेन्स पर भारी पड़ रहे थे, जिस पर जिंदर महल ने रोमन रेंस का पैर पकड़कर उन्हें गिरा दिया। जिससे जिंदर महल और केविन ओवेन्स की टीम को मुकाबले से डिसक्वालिफाई कर दिया गया। इसके बाद जब सेथ रोलिंस और रोमन रेंस मैच जीतने के बाद वापस जा रहे थे, तभी जिंदर महल ने पीछे से आकर सेथ रोलिंस पर स्टील चेयर से हमला कर दिया। जिस पर सेथ रोलिंस स्टेज से नीचे गिर गए। इसके तुरंत बाद जिंदर महल ने रोमन रेंस पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में रोमन रेंस को संभलने का मौका नहीं मिला और इसी बीच जिंदर महल ने उन पर स्टील चेयर की बरसात कर दी।

उल्लेखनीय है कि सेथ रोलिंस इस वक्त डब्लू.डब्लू.ई इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन हैं। रोलिंस फिलहाल अपने टाइटल को डिफेंड करने के लिए ओपन चैलेंज कॉम्पटिशन का सामना कर रहे हैं। बीते हफ्ते केविन ओवेन्स ने रोलिंस को चैलेंज किया था। उससे पहले मोजो राउले भी सेथ रोलिंस को चैलेंज कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई रोलिंस को हरा नहीं पाया है।