डब्ल्यूडब्ल्यूई (WWE) की स्टार महिला रेसलर सोनिया डेविले के अपहरण की साजिश नाकाम हो गई है। पुलिस ने संदिग्ध को महिला रेसलर के घर से ही गिरफ्तार कर लिया है। संदिग्ध World Wrestling Entertainment (वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट) की महिला रेसलर का पिछले 8 महीने से पीछा कर रहा था। वह रविवार यानी 16 अगस्त 2020 को मौका पाकर उनके घर में घुस भी गया था।
हालांकि, घर में लगे अलार्म के कारण उसकी साजिश नाकाम हो गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला रेसलर सोनिया डेविले अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत में हिल्सबोरफ काउंटी स्थित लुत्ज में रहती हैं। सोनिया डेविले का वास्तविक नाम डारिया बेरेनाटो है। डब्ल्यूडब्ल्यूई में वह सोनिया डेविले के नाम से प्रसिद्ध हैं। सोनिया समलैंगिक हैं। उन्होंने खुद इस बात का खुलासा किया था। वह बाडब्ल्यूडब्ल्यूई के इतिहास में अपनी समलैंगिकता का ऐलान करने वाली पहली महिला रेसलर हैं।
सोनिया ने अपने अपहरण की साजिश नाकाम हो जाने पर राहत की सांस ली है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने शुभचिंतकों को धन्यवाद भी दिया है। सोनिया ने ट्वीट किया, ‘आपके प्यार और चिंता के लिए आप सभी को धन्यवाद। एक बहुत ही भयावह अनुभव, लेकिन शुक्र है कि हर कोई सुरक्षित है। त्वरित रिस्पांस और मदद के लिए हिल्सबोरफ काउंटी शेरिफ कार्यालय को विशेष धन्यवाद।’ इसके बाद उन्होंने ब्लैक हार्ट वाली इमोजी भी पोस्ट की। इस इमोजी का इस्तेमाल दुःख व्यक्त करने के लिए किया जाता है।
Thank you everyone for your love and concern. A very frightening experience but thankfully everyone is safe. A special thank you to Hillsborough County Sheriff’s Office for their response and assistance.
— Daddy Deville (@SonyaDevilleWWE) August 17, 2020
हिल्सबोरफ काउंटी के शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, संदिग्ध फिलिप ए थामस सोनिया के आंगन में लगी स्क्रीन को काटकर रात में करीब 3 बजे उनके घर में घुसा। शीशे की स्लाइड कटते ही अलार्म बजने लगा। आवाज सुनने के बाद लोगों ने फिलिप को पकड़ लिया और मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।
हिल्सबोरफ काउंटी की पुलिस ने फिलिप के पास से एक चाकू, प्लास्टिक की जिप टाइज, डक्ट टेप, एक डंडा और अन्य वस्तुओं बरामद की हैं। वह सोनिया के अपहरण के लिए पूरी तैयारी से आया था। उसने खुद को सोनिया का बहुत बड़ा फैन बताया है।


