डब्ल्यूडब्ल्यूई की पूर्व स्टार रेसलर चीना की लाश उनके लॉस एंजिलिस स्थित घर में पाई गई। 46 साल की चीना की मौत का पता बुधवार देर शाम चला। जब उनका एक दोस्त उनसे मिलने उनके घर पहुंचा तो वो बिस्तर में मृत अवस्था में मिली। इसके बाद पुलिस को इस बात की जानकारी दी गई। चीना का जन्म 27 दिसंबर 1970 को रोचेस्टर न्यूयॉर्क में हुआ था। इंटरकॉटिंनेंटल चैंपियनशिप जीतने वाली वे इकलौती महिला थी। उन्होंने 1999 और 2000 में यह खिताब जीता।
चीना के आधिकारिक टि्वटर अकाउंट में उनकी मौत की पुष्टि की गई है। चीना के मैनेजर का कहना है कि वो काफी वक्त से नींद की गोलियां ले रही थीं। उनका असली नाम जोआनी लॉरे था। वह ट्रिपल एच के साथ भी फाइट कर चुकी थीं। रेसलिंग के बाद उन्होंने पॉर्न इंडस्ट्री में भी कदम रखा। उन्होंने प्लेब्वॉय मैगजीन के लिए फोटोशूट भी कराया था। साथ ही 5-6 एडल्ट फिल्मों में भी काम किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी मौत की वजह ड्रग्स का ओवरडोज हो सकता है।
बताया जा रहा है कि चीना कई दिनों से घर से नहीं निकली थीं। वो फोन भी नहीं उठा रही थी। चीना की फैमिली में कई लोग नशा करते थे, इसलिए कम उम्र से उन्हें भी ड्रग्स की लत लग गई थी। 2007 में एक टीवी रियलिटी शो में उन्होंने खुद इसका खुलासा किया था। वर्तमान में उनकी डॉक्यूमेंट्री पर काम चल रहा था। इसमें उनकी पिछले 15 साल की जिंदगी को दिखाया जाना था। उनकी मौत पर डब्ल्यूडब्ल्यूई से जुड़े कई लोगों ने शोक जताया।