आपको 1990 और 2000 के दशक की डब्ल्यूडब्ल्यूई (WWE) की स्टार महिला रेसलर ट्रिश स्ट्रैटस याद हैं? रिकॉर्ड 7 बार की चैंपियन ट्रिश को इंडस्ट्री की सबसे बेहतरीन WWE महिला रेसलर्स में से एक माना जाता है। वह WWE की उन महिला रेसलर्स में से एक हैं, जिन्होंने पुरुषों की चैंपियनशिप भी जीती है।

ट्रिश स्ट्रैटस का जन्म 18 दिसंबर, 1975 को कनाडा के टोरंटो में हुआ था। उनका वास्तविक नाम पैट्रीसिया ऐनी स्ट्रैटिजस है। रेसलिंग के अलावा ट्रिश एक फिटनेस मॉडल और फिटनेस मास्टर भी हैं। इतनी उम्र में भी वह बेहद फिट हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। आइए एक नजर डब्ल्यूडब्ल्यूई में उनकी उपलब्धियां और सफर पर डालते हैं।

ट्रिश डब्ल्यूडब्ल्यूई (World Wrestling Entertainment) के इतिहास में सबसे लोकप्रिय महिला रेसलर्स में से एक हैं। वह सात बार की WWE वुमन्स चैंपियन हैं। ट्रिश स्ट्रैटस ने डब्ल्यूडब्ल्यूई में एक बार हार्डकोर (Hardcore) और 3 बार बेब ऑफ द ईयर (Babe of the Year) का खिताब जीता। इसके अलावा वह डब्ल्यूडब्ल्यूई डीवा ऑफ द डिकेड (WWE Diva of the Decade) भी रहीं।

पैट्रीसिया ऐनी स्ट्रैटिजस सॉकर और हॉकी की खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। साल 2013 में उन्हें WWE हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। ट्रिश स्ट्रैटस ने मार्च 2000 में टेस्ट और अल्बर्ट के साथ T&A गुट के हिस्से के रूप में डब्ल्यूडब्ल्यूई में डेब्यू किया था।

ट्रिश स्ट्रैटस और उनकी रिंग में प्रतिद्वंद्वी लिटा के पास 2003 से WWE में अविश्वसनीय स्टोरीलाइन थी। दोनों ने डब्ल्यूडब्ल्यूई रॉ (RAW) के मेन इवेंट में भी सुर्खियां बटोरीं। वे ऐसा करने वाली पहली महिला सुपरस्टार बनीं। हालांकि, निजी जिंदगी में ट्रिश और लिटा अच्छी दोस्त हैं। लिटा ट्रिश के बेटे की गॉडमदर भी हैं।

ट्रिश स्ट्रैटस और मिकी जेम्स सबसे हाई-प्रोफाइल प्रतिद्वंद्वियों में से एक थीं। उनकी प्रतिद्वंद्विता डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलमेनिया-22 में एक खिताबी मैच के साथ समाप्त हुई, जहां स्ट्रैटस हार गईं। उस मैच को WWE इतिहास के सर्वश्रेष्ठ महिला रेसलर्स के बीच हुए मुकाबलों में से एक माना जाता है।

ट्रिश स्ट्रैटस डब्ल्यूडब्ल्यूई में पुरुषों की चैंपियनशिप भी अपने नाम कर चुकी हैं। ट्रिश स्ट्रैटस साल 2002 में जैज के साथ स्टोरीलाइन में थीं। उस दौरान जैज वुमन्स चैंपियन थीं। जैज के साथ क्रैश होली आते थे। वह हार्डकोर चैंपियन थे। तब मैच में ट्रिश ने बाबा रे डड्ली की मदद से क्रैश होली को पिन किया और हार्डकोर चैंपियन बनी थीं।

यह उनके लिए सबसे प्रसिद्ध पल था। वह इसके अलावा भी हार्डकोर चैंपियन बन चुकी हैं। उन्होंने 2006 में रेसलिंग से संन्यास लिया। हालांकि, 2018 में डब्ल्यूडब्ल्यूई में वापसी की और लिटा के साथ इवोल्यूशन में प्रतिस्पर्धा की। साल 2019 में, ट्रिश स्ट्रैटस ने समरस्लैम में शार्लेट फ्लेयर का सामना किया, जिसे ‘ड्रीम मैच’ कहा गया।

सितंबर 2006 में, ट्रिश स्ट्रैटस ने बॉडीबिल्डर रॉन फिस्को से शादी की। दंपति के एक बेटा और एक बेटी हैं। ट्रिश जब हाईस्कूल में थीं, तब ही वह फिस्को को अपना दिल हार बैठी थीं। ट्रिश ने 2006 में रिंग से दूरी बनाने के बाद एक योग स्टूडियो स्थापित किया। उसका नाम उन्होंने स्ट्रेटसफेयर रखा।

इसके माध्यम से वह लोगों का जीवन बेहतर करने का काम कर रही हैं। इसके लिए उनकी काफी सराहना भी हुई है। ट्रिश कई फिटनेस मैगजीन और बिजनेस अवॉर्ड्स भी जीत चुकी हैं। ट्रिश अपना बिजनेस प्रोग्राम चलाती हैं। वह कभी-कभी रेसलिंग रिंग में भी नजर आती हैं। उन्होंने कई अवार्ड और टेलीविजन शो की मेजबानी भी की है।