World Cup 2019: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर क्रिकेट के मैदान के बाद अब कमेंट्री में किस्मत आजमाने जा रहे हैं। क्रिकेट के मैदान में सचिन ने ढेरों रिकॉर्ड अपने नाम किए और साल 2013 में रिटायर हो गए। संन्यास लेने के बाद ज्यादातर खिलाड़ी कमेंट्री करने लगते हैं लेकिन सचिन ने ऐसा नहीं किया। 6 साल तक इससे दूर रहने के बाद अब सचिन अपना कमेंट्री डेब्यू करने जा रहे हैं। गुरुवार से इंग्लैंड एंड वेल्स में शुरू हो रहे विश्व कप में पहली बार कमेंट्री करेंगे।

तेंदुलकर लंदन के ओवल मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच होने वाले टूर्नामेंट के पहले मैच में कमेंट्री करते हुए दिखेंगे। वह स्टार स्पोर्ट्स पर हिंदी और इंग्लिश में फिलिप्स ह्यू क्रिकेट लाइव प्री-शो में दोपहर 1.30 बजे अपने खुद के सेगमेंट ‘सचिन ओपन्स अगेन’ में दिखेंगे। इस सेगमेंट में उनके साथ अन्य विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। तेंदुलकर ने विश्व कप में कई रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के छह संस्करणों में कुल 2,278 रन बनाए हैं।

उनके नाम टूर्नामेंट के एक संस्करण में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी है। 46 वर्षीय तेंदुलकर ने भारत के लिए छह विश्व कप खेले हैं। उन्होंने 2003 में 11 मुकाबलो में कुल 673 रन बनाए थे। जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ़ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। भारत अपना पहला विश्व कप मुकाबला पांच जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा।