World Athletics Championships: कतर की राजधानी दोहा में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रविवार रात मांओं ने जलवा बिखेरा। जमैका की शैली एन फ्रेजर प्राइस महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। अमेरिका की एलिसन फेलिक्स ने 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। चीन की लियू होंग ने महिलाओं की 20 किमी पैदल चाल का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फ्रेजर, फेलिक्स और होंग का स्वर्ण पदक जीतना इसलिए खास है, क्योंकि ये तीनों धाविकाएं पिछले 2 साल के दौरान मां बनी हैं और अब वे वर्ल्ड चैंपियन हैं। ब्रिटेन की डिना एशर-स्मिथ ने इस चैंपियनशिप में महिलाओं की 100 मीटर रेस में रजत पदक जीता। वे वर्ल्ड चैंपियनशिप के इस इवेंट में 36 साल पदक जीतने वाली पहली ब्रिटिश हैं।

फ्रेजर और फेलिक्स ने इसके अलावा एक-एक कीर्तिमान और अपने नाम किए हैं। फ्रेजर 100 मीटर दौड़ में चार बार चैंपियन बनने वाली दुनिया की पहली धावक बन गईं हैं। उन्होंने हमवतन उसैन बोल्ट, अमेरिका के कार्ल लुईस और मॉरिस ग्रीन को पीछे छोड़ा। बोल्ट, लुईस और ग्रीन वर्ल्ड चैंपियनशिप की 100 मीटर रेस में अब तक 3-3 गोल्ड मेडल ही जीत पाए हैं। फ्रेजर महिलाओं में पहले से ही नंबर वन हैं। उनके बाद अमेरिका की मरियान जोंस का नंबर है। जोंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में 100 मीटर रेस में 2 स्वर्ण पदक जीते हैं।

दोहा में स्वर्ण जीतने के बाद फेलिक्स अब वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने भी इस मामले में उसैन बोल्ट को पीछे छोड़ा। उसैन बोल्ट ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 11 स्वर्ण पदक ही जीते हैं। फेलिक्स ने इससे पहले 200 मीटर में 3, 400 मीटर में एक और 4×100 मीटर रिले में 3 और 4×400 मीटर रिले में भी 4 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 33 साल की फेलिक्स ने पहला स्वर्ण पदक 2005 में अपने नाम किया था। इस चैंपियनशिप में फेलिक्स विलवर्ट लंदन, माइकल कैरी और कर्टनी ओकोलो के साथ रेस में उतरी थीं। इन चारों एथलीट ने 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले 3 मिनट 9.04 सेकंड में पूरी की। इतने कम समय में रेस पूरी कर उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया।

चीन की लियू होंग ने 1:32:53 घंटे का समय निकालकर महिलाओं की 20 किलोमीटर पैदल चाल में स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में यह उनका तीसरा पदक है। इस इवेंट के रजत और कांस्य पदक पर भी चीनी एथलीट्स ने कब्जा जमाया। होंग की हमवतन शेनजी कियांग ने 1:33:10 घंटे के समय के साथ रजत पदक जीता। वहीं, लियूजिंग यांग ने अपनी वॉक 1:33:17 घंटे में पूरी की। उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।