Neeraj Chopra Final at World Athletics Championships 2022 Highlights: टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने रविवार को अमेरिका के यूजीन में प्रतिष्ठित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में रजत पदक जीतने का बाद कहा कि उन्हें अपने देश के लिए मेडल जीतकर काफी अच्छा लग रहा है। अब उनकी नजरें बर्मिंघम में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना बेस्ट देने पर है। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 19 साल पहले ब्रॉन्ज जीतने वालीं अंजू बॉबी जार्ज ने गोल्डन बॉय को बधाई दी और ग्रुप में स्वागत किया।
नीरज के सिल्वर जीतने पर उनकी मां सरोज देवी ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि उनका बेटा मेडल जीतेगा। गोल्डन बॉय को इतिहास रचने पर प्रधनामंत्री मोदी समेत अन्य लोगों ने बधाई दी है। किसी ने लिखा कि युवा शक्ति को बधाई तो वहीं किसी ने कहा कि वीर भोग्य वसुंधरा। इसका मतलब है कि वीर और शक्तिशाली लोग ही इस धरती का उपभोग कर सकते हैं।
नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में अपने चौथे प्रयास में 88.13 मीटर की दूरी तय की और दूसरा स्थान हासिल किया। भारत इस चैंपियनशिप में साल 2003 के बाद मेडल जीता है। इससे पहले अंजू बॉबी जॉर्ज ने लॉन्ग जंप में 2003 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। ओलंपिक पदक विजेता ने फाउल थ्रो के साथ शुरुआत की, इसके बाद 82.39 मीटर और 86.37 मीटर की दूरी तय की। अंतत: चौथे प्रयास में उन्होंने 88.13 मीटर दूर भाला फेंका। नीरज के अंतिम दो प्रयास फाउल रहे और इस प्रकार वह दूसरे स्थान पर रहे।
Neeraj Chopra World Athletics 2022: टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड जीतकर इतिहास रचा था।
भारतीय खेलों के लिए 24 जुलाई का दिन काफी ऐतिहासिक है। इसी दिन 1952 ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने नीदरलैंड को 6 -1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद मीराबाई चानू ने 24 जुलाई 2021 को टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर जीता था। अब नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर जीता।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, “अद्भुत। आपने कड़ी मेहनत और लगन से विश्व चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर एक बार फिर विश्व में भारत का झंडा गाड़कर हर भारतीय को गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर आपको बहुत बधाई और भविष्य के लिये शुभकामनाएं।”
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एंडरसन पीटर्स के गोल्ड जीतने पर नीरज चोपड़ा ने कहा, “आज एंडरसन पीटर्स का दिन था। उसने आज अच्छा प्रदर्शन किया। मैंने भी काफी कोशिश की थी, आज काफी कठिन प्रतियोगिता थी लेकिन हमने मेडल जीता इस बात की खुशी है और आज काफी कुछ सीखने को मिला।”
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान वीरेन रासकिन्हा ने लिखा, ‘भारी दबाव के बीच एक और शानदार प्रदर्शन। इतने बड़े स्तर पर इतना शांतचित्त रवैया। बधाई नीरज चोपड़ा।’ पूर्व क्रिकेटर और सांसद गौतम गंभीर ने नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा, ‘इसे कोई नहीं रोक सकता। उसकी प्रतिस्पर्धा खुद से ही है।’ भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने लिखा, ‘बधाई भाई। आप करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हो।’
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लिखा, ‘नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया है। भारत ने पहली बार विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में कांस्य जीता था। मैं उन्हें बधाई देता हूं। उन्होंने हरियाणा को गौरवान्वित किया है।’
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने नीरज चोपड़ा के लिए लिखा, ‘क्या चैंपियन है। क्या खिलाड़ी है। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत को पहला रजत। विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले अंजू बॉबी जॉर्ज के बाद दूसरे भारतीय।’
कानून मंत्री किरन रिजीजू ने ट्वीट कर कहा, ‘नीरज चोपड़ा ने विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर फिर इतिहास रचा है। वह विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष और अंजू बॉबी जॉर्ज के बाद दूसरे भारतीय एथलीट बन गए। बधाई।’ पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा,‘विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर शुभकामनाएं। आप ऐसे ही देश के लिए मेडल जीतते रहो।’
उड़नपरी पीटी उषा ने कहा, देश के लिए विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। आपके सर्वश्रेष्ठ प्रयासों से दुनिया में देश का नाम रोशन हुआ है। यूं ही देश का परचम लहराते रहिए। जय हिंद।
बीजिंग ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने ट्वीट कर कहा, ‘विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक पर नीरज चोपड़ा को बधाई। तुमने हमें गौरवान्वित किया है। शानदार प्रदर्शन और आगे के लिए शुभकामना।’
खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने नीरज के पदक जीतने वाले थ्रो का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘नीरज चोपड़ा की जीत का सिलसिला कायम है। विश्व चैम्पियनशिप में 88.13 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक। नीरज के पास अब हर वैश्विक टूर्नामेंट का पदक है।’
Neeraj Chopra continues his winning streak!
— Anurag Thakur (मोदी का परिवार) (@ianuragthakur) July 24, 2022
• Wins ?in Men's javelin throw at @WCHoregon22 with his best throw of 88.13m, becoming the 1st Indian male and 2nd Indian to win a medal at the #WorldChampionships!
Neeraj has now won medal at every Global event !
Watch this ?? pic.twitter.com/YF455oople
19 साल पहले विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य जीतने वाली अंजू बॉबी जॉर्ज ने ट्वीट किया, ‘इस जादुई पल के लिये बधाई हो नीरज चोपड़ा। ग्रुप में स्वागत है। यह इंतजार बहुत लंबा रहा।’
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, नीरज चोपड़ा लगातार नाम कमा रहे हैं और देश को गौरवान्वित कर रहे हैं! विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक में ऐतिहासिक खेल उपलब्धि और रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई। आप एक सच्चे चैंपियन हैं!
नीरज चोपड़ा ने आगे कहा, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में काफी समय के बाद हमें मेडल मिला है तो इस बात की खुशी है। खेल में ऊपर-नीचे होता रहता है, लेकिन हमें अपना काम करते रहना चाहिए और वह मैं करता रहूंगा तथा कोशिश करूंगा कि आगे इससे बेहतर प्रदर्शन करूं।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि अपने देश के लिए मेडल जीतकर काफी अच्छा लग रहा है, कॉमनवेल्थ गेम्स में मैं अपना बेस्ट दूंगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा, ” सूबेदार नीरज चोपड़ा की अप्रतिम सफलता पर भारत हर्षित है । विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई । उनकी मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता से बेहतरीन नतीजे निकल रहे हैं । हमें उन पर गर्व है। “
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा के सिल्वर मेडल जीतने पर पानीपत में उनके घर पर जश्न का माहौल है। उनकी मां सरोज देवी ने प्रतिक्रया दी है। उन्होंने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है, हमें उम्मीद थी कि वो मेडल जरूर जीतेगा और उसकी मेहनत पूरी हुई।”
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज के इतिहास रचने पर पूरे देश में खुशी का माहौल है। प्रधनमंत्री मोदी ने ट्वीट करके बधाई दी। उन्होंने कहा, ” हमारे सबसे प्रतिभावान खिलाड़ियों में से एक नीरज चोपड़ा की महान उपलब्धि। विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। भारतीय खेलों के लिए यह खास पल। आगामी टूर्नामेंटों के लिए नीरज को शुभकामना। “
Neeraj Chopra Final at World Athletics Championships 2022: विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बनने पर गेल्डन बॉय नीरज चोपड़ा को पूरे देश से बधाई मिल रही है। पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतकर देशका मान बढ़ाने वाले नीरज ने अमेरिका के यूजीन में इस चैंपियनशिप में भालाफेंक स्पर्धा में 88.13 मीटर का थ्रो किया और दूसरे नंबर पर रहे। इससे पहले भारत के लिए विश्व चैंपियनशिप में एकमात्र पदक 2003 में पेरिस में अंजू बॉबी जॉर्ज ने लंबी कूद में जीता था। वह कांस्य पदक जीती थीं। नीरज को ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने गोल्ड अपने नाम नहीं करने दिया। उन्होंने 90.46 मीटर का थ्रो करके गोल्ड अपने नाम किया। वहीं चेक रिपब्लिक के याकूब वालडेश को बॉन्ज मेडल मिला। भारत के अन्य एथलिट रोहित यादव 78.72 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दसवें नंबर पर रहे।