आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप 2025 में साउथ अफ्रीका की टीम ने 29 अक्तूबर 2025 की शाम इतिहास रच दिया। गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने महिला विश्व कप सेमीफाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कप्तान लॉरा वोलवार्ट ने 169 रन की पारी खेली, जबकि ताजमिन ब्रिट्स और मारिजेन कैप ने क्रमश: 45 और 42 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड की तरफ से सोफी एकलेस्टोन ने चार, जबकि लॉरेन बेल ने दो विकेट चटकाए। लॉरा वोलवार्ट का सर्वोच्च वनडे स्कोर नाबाद 184 रन है।
साउथ अफ्रीका ने 50 ओवर में बनाए 319 रन
लॉरा वोलवार्ट के तूफानी शतक की मदद से साउथ अफ्रीका ने 50 ओवर में सात विकेट पर 319 रन बनाए। इससे पहले महिला वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में उच्चतम स्कोर का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था। ऑस्ट्रेलिया ने 30 मार्च 2022 को वेलिंगटन में महिला वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन विकेट पर 305 रन बनाए थे। हालांकि, वह सेमीफाइनल 45-45 ओवर का खेला गया था।
उस मैच में वेस्टइंडीज की टीम 37 ओवर में 148 रन पर ऑलआउट हो गई थी और ऑस्ट्रेलिया ने 157 रन से मैच अपने नाम कर लिया था। 319 रन विश्व कप के नॉकआउट मैच में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2022 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 356/5 रन बनाए थे।
आखिरी 10 ओवर में ठोके 117 रन
महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में इंग्लैंड बनाम साउथ अफ्रीका मैच की बात करें तो लॉरा वोलवार्ट की टीम ने आखिरी 10 ओवर में 117 रन ठोके। दक्षिण अफ्रीका महिला वनडे के इतिहास में सिर्फ दूसरी बार उसकी शीर्ष दो स्कोररों के बीच का अंतर 100 से ज्यादा (आज 124 रन) रहा।
इससे पहले पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ यह अंतर 148 रन का था। तब लॉरा वोलवार्ट ने नाबाद 184 रन बनाए थे, जबकि मारिजाने कैप ने 36 रन बनाए थे। उस मैच में कैप टीम की दूसरी सर्वश्रेष्ठ स्कोरर थीं। साउथ अफ्रीका की पारी इसलिए भी खास रही, क्योंकि महिला विश्व कप 2025 में अपने पहले मैच में वह इसी मैदान पर सिर्फ 69 रन पर ढेर हो गई थी और 10 विकेट से मैच गंवा दिया था।
इस तरह परवान चढ़ी दक्षिण अफ्रीका की पारी
- 01-10 ओवर: 58/0 (RR: 5.80)
- 11-40 ओवर: 144/5 (RR: 4.80)
- 41-50 ओवर: 117/2 (RR: 11.70)
महिला वनडे वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका का सर्वोच्च स्कोर
- 319/7 बनाम इंग्लैंड-महिला टीम, गुवाहाटी, 2025
- 312/9 बनाम पाकिस्तान-महिला टीम, कोलंबो, 2025
- 305/9 बनाम इंग्लैंड-महिला टीम, ब्रिस्टल, 2017
- 275/7 बनाम इंडिया-महिला टीम, क्राइस्टचर्च, 2022
महिला वनडे वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल खेलने वाली टीमों के सर्वोच्च स्कोर
| टीम | मैच | जीते | हारे | टाई | बेनतीजा | W/L | औसत | पारी | उच्चतम स्कोर | न्यूनतम स्कोर |
| साउथ अफ्रीका | 4 | 0 | 3 | 0 | 0 | 0 | 28.16 | 4 | 319 | 156 |
| ऑस्ट्रेलिया | 5 | 4 | 1 | 0 | 0 | 4 | 38.96 | 5 | 305 | 245 |
| इंग्लैंड | 5 | 2 | 2 | 0 | 0 | 1 | 22.97 | 4 | 293 | 155 |
| भारत | 4 | 2 | 2 | 0 | 0 | 1 | 24.34 | 4 | 281 | 117 |
| न्यूजीलैंड | 3 | 2 | 1 | 0 | 0 | 2 | 27.05 | 3 | 175 | 164 |
| वेस्टइंडीज | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | 0 | 18.5 | 1 | 148 | 148 |
